20HREG41 मुंशी पुलिया फ्लाईओवर निर्माण की गति बढ़ाने की मांग
लखनऊ, 20 अप्रैल(हि.स.)। उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की लाख कोशिशों की बावजूद वर्ष 2021 से अभी तक मुंशी पुलिस फ्लाईओवर के कार्य को पूर्ण नहीं किया जा सका है। इंदिरा नगर, खुर्रमनगर और पालिटेक्नीक क्षेत्र निवासी अब मुंशी पुलिया फ्लाईओवर की गति को बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
मुंशी पुलिया फ्लाईओवर के निर्माण के लिए 170 करोड़ बजट की योजना बनायी गयी थी। वर्ष 2021 में बनी योजना पर कार्य शुरु हुआ तो बीच में मेट्रो लाइन की समस्या आ गई। जिसे बाद में अभियंताओं ने दूर कर लिया। मेट्रो के नीचे से मुंशी पुलिया फ्लाईओवर के खम्भों को ले जाने की योजना बनायी।
वर्तमान समय में फ्लाईओवर के कार्य में गति न पकड़ने के कारण स्थानीय खुर्रमनगर निवासी मोहम्मद युसूफ, इंदिरा नगर निवासी अनीश श्रीवास्तव इत्यादि ने नाराजगी जाहिर की। व्यापारी संगठन के पदाधिकारी संजय ने कहा कि फ्लाईओवर बनने के बाद सड़क मार्ग पर बड़े वाहन ऊपर से जायेंगे। फ्लाईओवर के नीचे व्यापार कार्य तेजी से बढ़ेगा। फ्लाईओवर कार्य को 2023 में पूरा करने की बात कही गयी है, लेकिन अभी कार्य की गति धीमी है।
फ्लाईओवर निर्माण कार्य के कारण उसके दोनों छोर पर आने वाली सड़क पर गड्ढे हो गये हैं। इससे भी स्थानीय लोगों को उस सड़क से आने जाने में कठनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। वर्षा होने के बाद सड़क पर के गड्ढे जानलेवा हो जाते हैं। वहीं प्रतिदिन एक-दो दुर्घटनाएं भी होती हैं।
लोक निर्माण विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद ने जनमानस की समस्या का संज्ञान लिया है और विभागीय अधिकारियों को विशेष रुप से मुंशी पुलिया फ्लाईओवर के कार्य को तेज गति देने के निर्देश दिये हैं। साथ ही फ्लाईओवर के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को भी निर्देशित किया है।