16HREG99 सिद्धपीठ हथियाराम मठ पर मोहन भागवत का आगमन 19 को
गाजीपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। जनपद के जखनिया तहसील स्थित सिद्धपीठ हथियाराम में 19 जुलाई को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत का आगमन होने जा रहा है। इसे लेकर मठ व प्रशासन की तरफ से जोर-शोर से तैयारी की जा रही है।
संघ प्रमुख मोहन भागवत बेसो नदी के रमणीय तट पर स्थित अति प्राचीन सिद्धपीठ हथियाराम मठ के 26वें पीठाधिपति महामंडलेश्वर स्वामी श्री भवानीनन्दन यति जी महाराज के सानिध्य में बुढ़िया माता का दर्शन-पूजन व अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। 19 जुलाई को हथियाराम मठ के महंत एवं जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी भवानीनंदन यति महाराज से मुलाकात व उनके आगमन कार्यक्रम को लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं।
संघ प्रमुख गत वर्ष भी हथियाराम स्थित बुढ़िया माता मंदिर आये थे। सरसंघचालक कुछ वर्षों से पूर्वांचल में संघ कार्य, विचार और समसामयिक विषयों पर चर्चा के लिए प्रवास पर निकलते हैं। काशी प्रवास का कार्यक्रम इसी क्रम का हिस्सा है। श्री भागवत जी के आगमन के तहत रविवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी व पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह सिद्धपीठ में पहुंचे। जहां उन्होंने सभी मठ परिसर का गहन निरीक्षण किया।