16HREG330 माई की मंडी के लोगों ने श्रमदान कर खोला पैदल मार्ग
-तेज बारिश के कारण पैदल मार्ग पर आ गया था भारी मलबा
रुद्रप्रयाग, 16 जुलाई (हि.स.)। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर चार माई की मंडी को जाने वाले पैदल मार्ग पर रविवार को स्वयं ग्रामीण ने कुदाल, गैंती पकड़ी और मार्ग से मलबा हटाकर आवाजाही के लिए सुचारू कर दिया।
जिला मुख्यालय से सटे माई की मंडी को जोड़ने वाले पैदल मार्ग पर दो सप्ताह पूर्व भारी बारिश के कारण मलबा आ गया था। मलबा आने के बाद यहां पर लोगों को आवाजाही में भारी परेशानियां हो रही थी। नगर पालिका की ओर से मलबा साफ करने को लेकर कोई कार्यवाही नहीं किये जाने के बाद स्थानीय लोगों ने श्रमदान करके मलबा हटाया।
रविवार को माई की मंडी की सभी महिलाएं एवं स्थानीय लोग कुदाल, गैंती लेकर मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर पैदल मार्ग को आवाजाही के लिए सुचारू कर दिया गया। स्थानीय निवासी रवीन्द्र सिंह, वंदना डिमरी ने आरोप लगाया कि जवाड़ी बाईपास का मलबा आने से पूरी माई की मंडी को खतरा पैदा हो गया है।
बाइपास के निर्माण के समय भी मलबा फेंके जाने का विरोध किया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई और अब बस्ती के दस से अधिक परिवारों के लिए खतरा पैदा हो गया है। श्रमदान करने वालों में वंदना डिमरी, शुभम सेमवाल, लक्ष्मी देवी, कमला देवी, भूपेन्द्र समेत कई लोग शामिल थे।