सभी कांग्रेस कार्यकर्ता हरेला पर लगाएं पौध : करन माहरा

Share

16HREG329 सभी कांग्रेस कार्यकर्ता हरेला पर लगाएं पौध : करन माहरा

-उत्तराखंड के पर्यवारणीय सेवाओं का लाभ पूरा देश ले रहा है: सुप्रिया श्रीनेत

देहरादून, 16 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने हरेला पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पौधरोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व के पर्यावरण में उत्तराखण्ड के वनों, उद्यानों, राष्ट्रीय अभ्यारण्य, राष्ट्रीय पार्कों का अलग महत्व व योगदान है।

प्रदेश कांग्रेस आईटी विभाग की बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में देहरादून पहुॅची अखिल भारतीय कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने स्वयं प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पौधरोपण किया।

इस मौके पर राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि उत्तराखण्ड प्रदेश की नदियां भारतीय संस्कृति में सर्वाधिक महत्वपूर्ण स्थान रखती हैं। उत्तराखण्ड नदियों का उद्गम स्थल है। उत्तराखण्ड के पर्यवारणीय सेवाओं का लाभ केवल उत्तराखण्ड ही नही बल्कि पूरा देश ले रहा है। पर्यावरण के क्षेत्र में हिमालयी राज्य उत्तराखण्ड का अनूठा योगदान है।

माहरा ने कहा कि उत्तराखण्ड देश का एक विशिष्ट राज्य है। जिसमें कुल भूमि का 67 प्रतिशत भू-भाग वन भूमि है और हमारे पास 47 प्रतिशत वन विद्यमान हैं व 20 प्रतिशत भूमि वन भूमि है किन्तु उसमें वन नहीं हैं। हरेला पर्व के रूप में रोपण को मनाने की परम्परा सदियों पुरानी रही है। इसीलिए विश्व पर्यावरण की रक्षा में देवभूमि उत्तराखण्ड के महत्व को अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिया जाता रहा है। उन्होंने प्रदेशभर के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आज समय की मांग है कि हम सबको मिलकर पर्यावरण की रक्षा के साथ-साथ हिमालय की रक्षा के लिए भी आगे आना होगा।