हमीरपुर में यमुना व बेतवा नदियों का बढ़ रहा जलस्तर

Share

19HREG476 हमीरपुर में यमुना व बेतवा नदियों का बढ़ रहा जलस्तर

हमीरपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली और मथुरा में यमुना के बाढ़ का कहर जनजीवन अस्त-व्यस्त कर चुका है। अब मुख्यालय से होकर निकली यमुना व बेतवा नदी का जलस्तर दो से तीन सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ने लगा है।

बेतवा में माताटीला बांध से 24 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। लहचुरा बांध से 6300 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। साथ ही बीते दिनों ओखला बांध से छोड़े गए पानी से नदियों का जल स्तर बढ़ रहा है। हालांकि अभी हालात सामान्य बताए जा रहे हैं।

जिला मुख्यालय से निकली यमुना नदी में दो से तीन सेंटीमीटर की रफ्तार से जलस्तर बढ़ रहा है। बुधवार शाम चार बजे तक यमुना नदी का मौजूदा जलस्तर 94.270 मीटर मापा गया है। जबकि खतरे का निशान 103.630 मीटर है। अभी यमुना नदी खतरे के निशान से करीब 9.36 मीटर दूर है। माताटीला बांध से मंगलवार को बेतवा में 24 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। बुधवार शाम चार बजे तक बेतवा का जलस्तर 94.110 मीटर मापा गया है। हालांकि छोड़े गए पानी से कोई खास असर नहीं पड़ने वाला है।

मुख्यालय में यमुना व बेतवा का संगम होने के चलते बेतवा भी प्रभावित हो रही है। जबकि इसका खतरे का निशान 104.540 है। जो मौजूदा में खतरे के निशान से 10.43 मीटर नीचे है। मौदहा बांध के अधिशासी अभियंता करन पाल गंगवार ने बताया कि यमुना व बेतवा नदी में छोड़े जा रहे पानी का अभी कोई खास फर्क नहीं है। कहा कि हालात अभी सामान्य है। दोनों नदियों की लगातार निगरानी की जा रही है।