दिल्ली से घर लौट रहे चार युवक हुए जहरखुरानी का शिकार

Share

18HCRI31 दिल्ली से घर लौट रहे चार युवक हुए जहरखुरानी का शिकार

फिरोजाबाद, 18 जुलाई (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत मंगलवार को दिल्ली से घर लौट रहे चार युवक जहरखुरानी का शिकार हो गए। घर पहुंचने से पहले ही उनका सामान लुट गया। उनकी आंख खुली तो वह अस्पताल में थे। लूट के बाद लुटेरों ने उन्हें अलग-अलग चौराहे पर फेंक दिया और फरार हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है।

घटना की शिकोहाबाद थाना क्षेत्र की है। थाना क्षेत्र के मैनपुरी चौराहा, नौशेहरा स्थित पेट्रोल पंप और नौशेहरा ओवरब्रिज तथा एटा चौराहे के पास एक-एक युवक बेहोशी की हालत में पड़े मिले। लोगों ने देखा तो इसकी सूचना पुलिस व एंबुलेंस को दी। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से युवकों को अस्पताल भेजा गया। इन्हें इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। सूचना पर एसएसआई तेजवीर सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने होश आने पर युवकों से पूछताछ करके जानकारी ली। उन्होंने अपने नाम क्रमशः ब्रजेश निवासी- गढ़ी दानसहाय, थाना नसीरपुर, प्रमोद कुमार, निवासी-मोहनीपुर और पिंकी-निवासी गागई, थाना मक्खनपुर तथा विकास बताया।

ब्रजेश ने बताया कि वह, प्रमोद और पिंकी साथ में दिल्ली में हलवाई का काम करते हैं। तीनो छुट्टी लेकर घर आ रहे थे। उनके पास सामान, नकदी और मोबाइल थे। लुटेरे सारा सामान लेकर फरार हो गए। वहीं विकास इन लोगों से अलग आ रहा था।

थाना प्रभारी हरवेंद्र मिश्रा ने बताया कि चार युवक अलग-अलग अचेतावस्था में मिले थे। उनसे बात करके लुटेरों के बारे में जानकारी की जा रही है।