मप्र के दिव्यांग तैराक सत्येन्द्र सिंह ने पार किया इंग्लिश चैनल

Share

20HREG1 मप्र के दिव्यांग तैराक सत्येन्द्र सिंह ने पार किया इंग्लिश चैनल

तैरकर लंदन से फ्रांस गए और वापस लौटे

इंदौर, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दिव्यांग तैराक सत्येंद्र सिंह ने अपने दल के साथ इंग्लिस चैनल को पार करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने लंदन से फ्रांस और फ्रांस से लंदन तक 72 किलोमीटर की मैराथन तैराकी सफलता पूर्वक पूरी की। इस रिले तैराकी में छह दिव्यांग तैराकों के दल का उन्होंने नेतृत्व किया।

जानकारी के मुताबिक, सत्येंद्र सिंह ने अपनी टीम के साथ यूके में डोबर समुद्रतट से 17-18 जुलाई की दरमियानी रात्रि 3.17 मिनट पर तैराकी शुरू की थी। यहां से टीम फ्रांस के वेसेंट समुद्रतट शाम को 5.17 मिनट पर पहुंची। यहां से वापस यूके के डोबर समुद्रतट के लिए टीम ने तैराकी शुरू की। टीम 19 जुलाई को स्थानीय समयानुसार सुबह 10.40 मिनट पर वापस यूके पहुंची। इस तरह 31 घंटे 29 मिनट में टीम ने कुल 70 किलोमीटर की दूरी तय की।

इंदौर में वाणिज्यकर विभाग में पदस्थ सत्येन्द्र सिंह मूलत: मप्र के भिंड के रहने वाले हैं। उन्होंने समुद्र में कई चैनलों को तैराकों ने पार किया है, जिनमें यह इंग्लिश चैनल दुनिया में सबसे मुश्किल माना जाता है। यहां पता नहीं होता है कि कब मौसम बदल जाए। सत्येंद्र सिंह ने इससे पहले 24 जून 2018 को इंग्लिश चैनल एक ओर तैरकर पार किया था। तब 12 घंटे 26 मिनट में वे लंदन से फ्रांस तक गए थे। अब उन्होंने अपनी टीम के साथ दोनों ओर की दूरी पार की है।

सत्येंद्र ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा करते हुए बताया कि इस दौरान समुद्र में तापमान 14 डिग्री था। यहां ठंडे पानी में तैरना खासा मुश्किल था। रास्ते में मछलियों ने भी काटा। खासकर जैली फिश ने बहुत परेशान किया। यह मछली चिपक जाती है। इसकी रगड़ लगने से त्वचा पर जलन और खुजली होती है। लहरों और वर्षा से भी परेशानी होती है। वापस लौटते समय मौसम कुछ खराब हुआ और वर्षा होने लगी। जिससे परेशानी बढ़ी।

सत्येंद्र का जन्म सामान्य बच्चे की तरह हुआ था, लेकिन जन्म के 15 दिन बाद बीमारी के कारण शरीर का निचला हिस्सा दिव्यांग हो गया। ऐसे हालात में बहुत से लोग निराश हो जाते हैं, लेकिन सत्येंद्र ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने तैराकी का प्रशिक्षण प्रारंभ किया। वे पैरा तैराकी में अब तक 28 राष्ट्रीय पदक जीत चुके हैं जबकि चार अंतररष्ट्रीय पदक भी हासिल किए हैं। वर्ष 2019 में सत्येंद्र ने 45 किमी लंबे कैटलीना चैनल अमेरिका (कैलिफोर्निया) को तैरकर पार किया। तब वहां पानी का तापमान 16 डिग्री था। वे ऐसी कई मुश्किल जल यात्राएं सफलतापूर्वक कर चुके हैं। वर्ष 2020 में इन्हीं कार्यों के लिए सत्येंद्र को तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार मिला था। उन्हें तात्कालीन राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने यह सम्मान दिया था। यह सम्मान हासिल करने वाले वे देश के पहले दिव्यांग तैराक बने थे।