11HNAT14 उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने हिमाचल के मुख्यमंत्री से फोन पर की बात
देहरादून, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा के कारण हुई क्षति के संबंध में राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उन्हें उत्तराखंड सरकार की ओर से हर सम्भव सहायता का आश्वासन दिया।
हिमाचल और उत्तराखंड में पिछले सप्ताह से लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। पर्वतीय इलाकों में पहाड़ चटकने के साथ भूस्खलन की घटनाओं से सड़कें लगातार बाधित हो रही हैं। आगामी चार दिनों के लिए उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई। राज्य में सभी नदी-नाले उफान पर हैं। जगह-जगह जलजमाव से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।