08HREG80 मुख्यमंत्री चौहान ने स्मार्ट पार्क में नीम, जामुन, महुआ के पौधे रोपे
भोपाल, 8 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने रोजाना पौधरोपण संकल्प क्रम में शनिवार को राजधानी के स्मार्ट पार्क में नीम, जामुन, महुआ के पौधे रोपे। मुख्यमंत्री के साथ सौरभ कुशवाहा और मणि देवी ने पौधे लगाये व मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराने के लिए आभार व्यक्त किया।
बता दें कि सौरभ कुशवाहा 25 मार्च 2023 को रायसेन रोड पर हुई दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से सहायता उपलब्ध कराकर पैर का ऑपरेशन करवाया गया था, जिससे उनकी जान बच सकी। मणि देवी हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं और डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल सर्जरी व डबल वॉल्व रिप्लेसमेंट की सलाह दी थी। मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से सहायता उपलब्ध कराकर उनका इलाज कराया गया, अब वे पूर्णतः स्वस्थ हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने पौधरोपण के समय सौरभ कुशवाहा तथा मणि देवी का कुशलक्षेम जाना और स्वस्थ जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री चौहान के साथ संजय व्यास व साधना व्यास और पंडित आशीशानंद महाराज ने अपने जन्मदिवस पर पौधे रोपे। पौधरोपण में अखिल निरंजन, नीरज कुशवाहा, विष्णु द्विवेदी, शिल्पी कुशवाहा और सान्वी व्यास भी शामिल हुईं।