रात्रि में हुई दुर्घटना में 1 की मौत, 2 अन्य घायल

Share

16HREG14 रात्रि में हुई दुर्घटना में 1 की मौत, 2 अन्य घायल

नैनीताल, 16 जुलाई (हि.स.)। बीती रात्रि भवाली रोड पर पाइंस श्मशान घाट के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में 3 वन कर्मी सवार थे। इनमें से एक की दुर्घटना में मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य भी घायल हुए। उनका बीडी पांडे जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार बीती देर रात्रि कुछ लोगों ने पाइंस श्मशान घाट के पास खाई से चीख-पुकार की आवाजें सुनीं, तब दुर्घटना होने का पता चला। इस दौरान वहां घना कोहरा लगा हुआ था, इसलिए खाई में कुछ भी नजर नहीं आ रहा था। दुर्घटना की पुष्टि होने पर 108 आपातकालीन सेवा को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर अग्निशमन बल भी बचाव उपकरणों की मदद से मौके पर पहुंचे और तीन घायलों को सड़क तक लाए और बीडी पांडे जिला चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने नारायण सिंह कुवार्बी नाम के घायल को मृत घोषित कर दिया।

बताया गया है वाहन वन विभाग का था और इसे नारायण सिंह कुवार्बी चला रहे थे, जबकि वाहन में वन रक्षक राजेंद्र वर्मा और श्रमिक देवेंद्र कुमार भी सवार थे। उनका जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। जिला चिकित्सालय के ईएमओ डॉ.हासिम अंसारी के अनुसार नारायण सिंह कुवार्बी की मृत्यु चिकित्सालय लाने से पूर्व ही हो गई थी। माना जा रहा है कि कोहरे की वजह से ही दुर्घटना हुई।