मंत्री भूपेंद्र सिंह के बंगले के बाहर युवा कांग्रेस का धरना प्रदर्शन, इस्तीफे की मांग की

Share

09HREG432 मंत्री भूपेंद्र सिंह के बंगले के बाहर युवा कांग्रेस का धरना प्रदर्शन, इस्तीफे की मांग की

भोपाल, 9 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह पर कांग्रेस की शिकायत पर उज्जैन महाकाल लोक मामले में लोकयुक्त की जांच चल रही है। जांच शुरू होने के बाद कांग्रेसी उनके खिलाफ आक्रमक हो गए है। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री भूपेंद्र सिंह के शासकीय आवास के बाहर धरना प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी भी की और इस्तीफा मांगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सख्ती दिखाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वहां से उठाया।

कांग्रेस के दो दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ता शुक्रवार शाम को चार इमली स्थित मंत्री भूपेंद्र सिंह के बंगले के बाहर जा पहुंचे। यहां मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। यहां कांग्रेसी कार्यकर्ता यहां धरने पर बैठ गए। युवक कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी और एनएसयूआई मेडिकल विंग के प्रदेश संयोजक रवि परमार के नेतृत्व में प्रदर्शन करने लगे। करीब आधे घंटे तक मंत्री के बंगले के बाहर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का हंगामा चलता रहा। विवेक त्रिपाठी ने कहा कि उज्जैन महाकाल लोक भ्रष्टाचार के मामले में मंत्री भूपेंद्र सिंह पर लोकायुक्त की जांच चल रही है। ऐसे मंत्री पद पर रहते हुए भूपेंद्र सिंह लोकायुक्त की जांच को प्रभावित कर सकते है। हमारी मांग है कि मंत्री भूपेंद्र सिंह को अपने मंत्री पद से इस्तीफा देना चाहिए और इन मामलों की जांच सीबीआई और ईडी से करानी चाहिए।

इधर मंत्री के बंगले के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जमा होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को समझाइश देकर वहां से उठाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने सख्ती दिखाई, तो यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने यह कहते हुए धरना खत्म कराया कि मंत्री बंगले में मौजूद नहीं हैं। यह सांकेतिक धरना था। यदि वे इस्तीफा नहीं देते, तो उग्र आंदोलन करेंगे।