भाजपा जो कहती है वह करती भी है: शिवराज

Share

30HNAT48 भाजपा जो कहती है वह करती भी है: शिवराज

मुख्यमंत्री ने कहा, खरगोन के लिए सौगातों का पिटारा लेकर आया हूं

खरगोन, 30 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज वे खरगोन के लिए बड़ी सौगातें लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की मांग के मुताबिक वे खरगोन के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर आए हैं। कांग्रेस ने मेडिकल कॉलेज छीनकर खरगोन के साथ अन्याय किया था, लेकिन भाजपा ने इस सपने को पूरा किया है। यहां नवग्रह कॉरिडोर बनाने की मांग थी, इसके लिए 21 करोड़ की राशि स्वीकृत कर दी गई है। लोगों ने कहा था कि सिरबेल महादेव का कायाकल्प किया जाए, उसकी राशि भी स्वीकृत कर दी गई है। व्यापारियों ने कपास पर मंडी टैक्स वापस लेने की मांग की थी उस मांग को भी पूरा कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करती भी है।

मुख्यमंत्री चौहान शुक्रवार को खरगोन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की उपस्थिति में नवग्रह मेला ग्राउंड पर आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गरीब, किसान, युवा, महिलाओं के साथ अन्याय किया। भाजपा सरकार की योजनाओं को बंद करके उनका हक छीनने का काम किया। कांग्रेस सिर्फ झूठ बोलने का काम करती है। कांग्रेस ने पिछली बार कहा था कि किसानों का कर्जा माफ किया जाएगा, कर्जा माफ हुआ क्या। आज मुझे कहते हुए गर्व है कि कमलनाथ की कर्जमाफी की घोषणा से किसानों पर ब्याज की जो गठरी चढ़ गई थी, हमने 20 हजार किसानों के रुपये भरकर उस गठरी को उतारा है। उन्होंने कहा था कि बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता देंगे, किसी को मिला क्या? आज प्रदेश सरकार 4 जुलाई से मुख्यमंत्री सीखो, कमाओ योजना शुरू करने जा रही है। इससे उन्हें प्रतिमाह आठ हजार रुपये दिए जाएंगे। लाडली बहना योजना बहनों की जिंदगी बदलने की योजना है। उन्होंने सभा के दौरान जनता को 2023 में विधानसभा एवं 2024 में लोकसभा चुनाव में पार्टी को सफलता दिलाने का संकल्प दिलाया।

मोदी सरकार ने गरीबों का जीवन बदलने का काम कियाः विष्णुदत्त शर्मा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय राजनीति को एक नई दिशा देने का काम किया है। हर गरीब के जीवन को बदलने काम किया है। मोदी सरकार के 9 वर्षों में भारत हर क्षेत्र में उत्तरोत्तर उन्नति कर रहा है। वैश्विक पटल पर भारत का मान और सम्मान बढ़ा है। देश में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के साथ गरीब कल्याण की योजनाएं गांव, गरीब तक पहुंच रही हैं। मोदी के नेतृत्व में भारत आज मजबूत अर्थव्यवस्था वाले देश के रूप में उभर कर सामने आया है।

चावल, गन्ना व मक्का से तेल निकाल कर किसानों को आत्मनिर्भर बना रही सरकारः केन्द्रीय मंत्री

केन्द्रीय राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने सभा में कहा कि किसानों की आय दोगुना करने के लिए आज पेट्रोलियम मंत्रालय चावल, गन्ना और मक्का से तेल बना रहा है। जिसका उपयोग डीजल-पेट्रोल में मिलाकर हम पूरे भारत में कर रहे हैं। असम में हम बांस से तेल निकालने का प्लांट लगा रहे हैं। इससे जहां किसान आत्मनिर्भर बनेंगे वहीं देश में ईंधन की कमी को दूर किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम मंत्रालय पूरे देश में 48 हजार पेट्रोल पम्प बनाने जा रहा है। जिसमें मध्य प्रदेश में 2 हजार पेट्रोल पम्प खोले जाएंगे। पेट्रोल पम्प के लिए आज आपको किसी नेता-बिचौलिए के पास जाने की जरूरत नहीं है। आप आवेदन कीचिए, लॉटरी के माध्यम से आपको भी पेट्रोल पम्प मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की 9.60 करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला योजना का लाभ मिल रहा है, उन्हें गैस सिलेंडर दिए गए हैं। मंत्रालय ने अनुसंधान के माध्यम से फाइबर के सिलेंडर का विकास किया है। इसे जहां महिलाएं आसानी से उठा सकेंगी वहीं आग लगने के बाद सिलेंडर के फटने का खतरा भी कम होगा।

पार्टी के विस्तार में खरगौन का बड़ा योगदानः विजयवर्गीय

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि आज मुझे इस मंच से एक घटना याद आ रही है। मैं विद्यार्थी परिषद का कार्यकर्ता था और खरगोन आना हुआ तो देखा कि एक कार्यकर्ता लाउडस्पीकर के माध्यम से सबको आमंत्रित कर रहा था कि आज शाम 7 बजे जनसंघ की आमसभा है और रामचन्द्र बिट्ठल बड़े सभा को संबोधित करेंगे। ये कार्यकर्ता कोई और नहीं बल्कि रामचन्द्र बिट्ठल बड़े ही थे। इस प्रकार यहां जनसंघ का काम हुआ है। खरगोन का एक भी ऐसा गांव नहीं हैं, जहां जनसंघ का कार्यकर्ता न हो, यह खरगोन की विशेषता है। मैं आज आपसे सिर्फ दो बात कहता हूं कि 2023 में विधानसभा और 2024 में लोकसभा चुनाव हैं, दोनों हाथ उठाकर जेपी नड्डा को आश्वस्त कर दीजिए कि दोनों चुनावों में पार्टी को जीत दिलवाएंगे।

जनसभा को क्षेत्रीय सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल ने भी संबोधित किया। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी विधायकगण, जनप्रतिनिधि एवं जिला पदाधिकारी उपस्थित थे।