भोपाल: खदान की मिट्टी धंसकने से महिला और किशोरी की मौत, चार को बचाया

Share

10HREG138 भोपाल: खदान की मिट्टी धंसकने से महिला और किशोरी की मौत, चार को बचाया

भोपाल, 10 जून (हि.स.)। सूखी सेवनिया इलाके के बालमपुर गांव में तालाब किनारे मिट्टी खोद रही महिलाएं खदान की मिट्टी धंसकने से उसके नीचे दब गईं। इनमें से चार महिलाओं को स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की टीम ने सुरक्षित निकाल लिया, जबकि एक महिला और एक किशोरी की मौत हो गई। ये सभी महिलाएं घर पोतने के लिए तालाब किनारे पीली मिट्टी की खुदाई कर रही थीं, तभी मिट्टी का ढेर उनके ऊपर आ गिरा।

एसपी देहात किरण केरकता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गई थीं। घटना के दो घंटे के अंदर चार महिलाओं को रेस्क्यू कर लिया गया था। मिट्टी में अधिक देर तक दबे रहने के कारण एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने अस्पताल जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों के नाम फिरोजा बी (35) पत्नी अफजल और पिंकी आदिवासी (16) पुत्री गुड्डू आदिवासी बताए गए हैं। दोनों ही बालमपुर की रहने वाली हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महिलाएं सात से आठ फीट तक गहरा गड्ढा खोद चुकी थीं। इसके बाद दो महिलाएं गड्ढे में उतरकर गिली मिट्टी खोदने लगीं। वे गीली मिट्टी खोद-खोदकर ऊपर खड़ी महिलाओं को देती जा रही थीं। गड्ढा खोखला हो चुका था और भरभराकर इसकी मिट्टी ढह गई। ऊपर खड़ी महिलाएं भी नीचे आ गिरीं और ऊपर से मिट्टी का मलबा उन पर गिर गया।