17HREG68 मप्रः मंत्री भदौरिया के गांव में लगुन-फलदान के कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग से एक की मौत
भिंड, 17 जून (हि.स.)। मप्र के राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया के गृहगांव अकलौनी में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी देर रात लगुन-फलदान के कार्यक्रम में कुछ लोगों ने उत्साहित होकर हर्ष फायरिंग कर दी। इससे एक गोली बुजुर्ग के कनपटी में लगी, जिससे उनकी मौत हो गई, जबकि एक 14 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को जांच में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात ग्राम अकलौनी निवासी सुरेश शर्मा के बेटे अभिषेक शर्मा का लगुन फलदान कार्यक्रम था। रात करीब 12.30 बजे लगुन-फलदान का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने हर्ष फायरिंग कर दी। इससे एक गोली मृतक 66 वर्षीय रामशरण शर्मा पुत्र रामगोपाल शर्मा निवासी मोहनपुरा थाना गोरमी के कनपटी में गोली धंस गई। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 14 वर्षीय हर्ष पुत्र अखलेश शर्मा निवासी देवरी मेहगांव के पैर में भी गोली लग गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कार्यक्रम में भगदड़ मच गई और पांच मिनट में ही ग्रामीण मौके से अपने-अपने घर चले गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे गोरमी थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि अकलौनी गांव में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। जबकि एक बालक घायल हुआ है। अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।