06HREG386 ग्वालियर: मंगलवार को तेज हुई धूप, पारा पहुंचा 40 डिग्री पर
ग्वालियर, 06 जून (हि.स.)। मंगलवार को मध्यम बादल छाए रहने के बाद भी धूप काफी तेज रही। हालांकि दोपहर में छुटपुट बूंदाबांदी भी हुई लेकिन इसके बाद भी सूरज की तपन में कोई कमी नहीं आई। इसके चलते 12 दिन बाद तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे पहले नौतपा से एक दिन पूर्व 24 मई को तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
ग्वालियर में नौतपा के दो दिन पहले से ही बादलों की आवा-जाही अब तक बनी हुई है। इस दौरान कभी तेज तो कभी हल्की बारिश भी हुई। इसके चलते तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही टिका हुआ था। मंगलवार को भी आंशिक से मध्यम बादल छाए रहे। मध्यान्ह ढाई बजे के आसपास जब बादलों का घनत्व बढ़ा तो शहर में छुटपुट बंूदबांदी भी हुई। इसके बावजूद अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 1.0 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 40.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि यह सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान भी 1.2 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 52 और शाम को 32 प्रतिशत दर्ज की गई। स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय ने बताया कि वर्तमान में दक्षिण-पूर्व अरब सागर में गहरा कम दबाव का क्षेत्र और जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इधर पूर्वाेत्तर मध्यप्रदेश के ऊपर से द्रोणिका गुजर रही है इसलिए फिलहाल आंशिक से मध्यम बादल छाए रह सकते हैं लेकिन बारिश की संभावना कम है। हालांकि स्थानीय प्रभाव से ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं-कहीं छुटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। फिलहाल तापमान में वृद्धि का सिलसिला जारी रहेगा। अगले दो से तीन दिनों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।