03HREG400 सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र को मिले : केशव प्रसाद मौर्य
उपमुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के कार्य के उपरान्त सड़क मरम्मत के दिये निर्देश
लखनऊ, 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद मुजफ्फरनगर के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान विकास भवन सभागार में जनपद के पुलिस, प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा से पूर्व उन्होंने विकास भवन में स्वंय सहायता समूह द्वारा लगाये गये विभिन्न स्टॉलों का भी निरीक्षण किया।
समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र को मिले, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं की प्रशंसा करते हुए कहाकि स्वंय सहायता समूह द्वारा तैयार किये गए मसालों को मिड डे मील से जोड़ा जाये और इनके सामान की मार्केटिंग में भी सहायता की जाये।
समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री ने गन्ना मूल्य भुगतान की स्थिति, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री आरोग्य योजना, विकास प्राधिकरण, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, केन्द्र और राज्य सरकार की सभी विकास की परियोजनाओं, किसानों के नलकूपों के बिल माफी, स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सालयों में चिकित्सकों, दवाओं, हर घर नल से जल आदि की स्थिति आदि पर बिन्दुवार समीक्षा की।
उन्होंने पशुपालकों से अपील करते हुए कहा कि अपने छुट्टा पशुओं को गौ आश्रय स्थल पर ही छोड़ें। उन्होने निर्देश दिये कि जर्जर तारों को तत्काल ठीक कराया जाये और जल जीवन मिशन के अन्तर्गत कराये गये सीवर कार्याे के बाद सड़क मरम्मत तत्काल करायी जाये ताकि आम जनमानस को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद में चिकित्सा सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिये। साथ ही जिन मशीनों अथवा अन्य उपकरणों की आवश्यता है, उनका प्रस्ताव बनाकर तत्काल शासन को भेजा जाए। आयुष्मान कार्ड के संबंध में समीक्षा के अन्तर्गत उन्होने निर्देश दिये कि पात्रता सूची में शामिल जिन लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं अभियान चलाकर उनके कार्ड शीघ्रता से बनाए जाएं एवं जो पात्र लाभार्थी सूची में शामिल नहीं है उन्हें मुख्यमंत्री आरोग्य योजना के तहत लाभान्वित किया जाए। आयुष्मान कार्ड बनाने के साथ ही कार्डधारकों को ईलाज की सुविधा प्राथमिकता से उपलब्ध करवायी जाए।
गन्ना किसानों के भुगतान की समीक्षा करते हुए उन्होंने किसानों को गन्ना भुगतान मिलने पर किसी प्रकार की समस्या न हो एवं इनका समयान्तर्गत शत-प्रतिशत भुगतान किया जाए। विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि किसानों के नलकूपों का विद्युत देय शासनादेश के अनुसार ही वसूला जाए।
उन्होंने पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिये कि जनप्रतिनिधियों से संवाद कर खाली हुई यूनिटों में अधिकतम पात्र लोगों को राशन कार्ड मुहैया कराया जाए। जिलाधिकारी अरविन्द मल्लपप्पा बंगारी ने उपमुख्यमंत्री को आश्वस्त करते हुए कहा कि आपके द्वारा दिये गये निर्देशों का अक्षरश पालन कराया जायेगा।
समीक्षा बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डा0 वीरपाल निर्वाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन, मुख्य विकास अधिकारी संदीप भागिया, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेन्द्र सिंह बहादुर, जिलाध्यक्ष भाजपा विजय शुक्ला सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।