11HNAT40 मोदी सरकार के नौ वर्ष में मजबूत हुई देश की अर्थव्यवस्था, बदला गरीबों का जीवनः तरुण चुघ
– देश कैसे आगे बढ़े, दुनिया का नेतृत्व करे यही रहा मोदी सरकार का प्रयासः भाजपा महासचिव
श्योपुर, 11 जून (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि नरेन्द्र मोदी की सरकार के बीते नौ वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। इन नौ वर्षों में मोदी सरकार लगातार इन प्रयासों में लगी रही है कि 21वीं सदी का भारत आगे बढ़े और दुनिया का नेतृत्व कर शांति का संदेश दे। तमाम संकटों के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हुई है और सरकार की नीतियों से गरीबों के जीवन में बदलाव आया है।
भाजपा महासचिव तरुण चुघ नरेन्द्र मोदी की सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर चल रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत रविवार को श्योपुर भाजपा कार्यालय में पत्रकार-वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले देश की अर्थव्यवस्था चरामराई हुई थी। देश में भ्रष्टाचार और घोटाले चरम पर थे। सीएजी की रिपोर्ट के अनुसार 2004 से 2014 के बीच देश में 12 लाख करोड़ से अधिक के घोटाले हुए और दुनिया भारत को एक घोटालेबाज देश के रूप में देखने लगी थी। सरकार के कई मंत्री या तो जेल में थे या फिर जमानत पर थे। मोदी सरकार ने सत्ता संभालने के बाद देश को उस स्थिति से बाहर निकाला।
गांव-गांव पहुंच रहा मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ
तरुण चुघ ने कहा कि श्योपुर आते समय ग्राम सेसईपुरा की आदिवासी बस्ती में लालाराम आदिवासी के घर पर एकत्रित लोगों से वे मिले थे। सभी ने बताया कि मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ हम सभी को मिल रहा है। अनाज सभी को मिल रहा, आयुष्मान योजना से भी लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले के कराहल में 28 करोड़ रुपये की लागत से आदिवासी बच्चों के लिए आधुनिक आवासीय विद्यालय बना है। इसमें 251 आदिवासी बच्चे रहते हैं और पढ़ाई कर रहे हैं। विद्यालय में आदिवासी विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा से लेकर रहना खाना-पीना गणवेश सब कुछ भारत सरकार के माध्यम से दिया जा रहा है। ये बच्चे पढ़ेंगे और आगे बढ़ेंगे।
गरीबों के जीवन में आये अकल्पनीय बदलाव
उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण को समर्पित मोदी सरकार के कार्यकाल में गरीबों के जीवन में ऐसे बदलाव आए हैं, जिनके बारे में उन्होंने पहले सोचा भी नहीं होगा। मोदी सरकार देश के 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन दे रही है और 11 करोड़ घरों तक नल से स्वच्छ जल पहुंच रहा है। नौ करोड़ से अधिक गरीब महिलाओं को गैस कनेक्शन दिये गए हैं। मोदी सरकार ने 46 करोड़ लोगों को जनधन खाते खोले और उन्हें बैंकिंग से जोड़ा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश में 10 करोड़ शौचालय बनवाए, 3.5 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान दिए, 50 करोड़ से अधिक लोगों आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा कर 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया है। भाजपा महासचिव चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार की योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
जिन अंग्रेजों ने देश पर शासन किया, अर्थव्यवस्था में उन्हें पछाड़ा
उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था के मामले में देश 11 वें स्थान पर था, जिसे मोदी सरकार ने अपने नौ वर्षों में पांचवें स्थान पर पहुंचा दिया है। इस मामले में देश ने उन अंग्रेजों को भी पछाड़ दिया है, जिन्होंने देश पर 250 साल शासन किया था। उन्हाेंने कहा कि भारत मोदी के नेतृत्व में बहुत जल्द विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा। वर्ष 2011 में भारत की जीडीपी 112 लाख करोड़ थी, लेकिन मोदी सरकार ने जो सुधार किए उससे देश की जीडीपी अब 272 लाख करोड़ रुपये हो गई है। पहले जो प्रति व्यक्ति औसत वार्षिक आय 80 हजार रुपये थी, वो अब 1 लाख 70 हजार रुपये हो गई है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 50 लाख करोड़ से ऊपर पहुंच गया है।
घर-घर पहुंचाएंगे मोदी सरकार का रिपोर्ट कॉर्ड
चुघ ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की नौ वर्ष की उपलब्धियों को घर घर तक पहुंचाने के लिए महा जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री ने अजमेर से की थी।