29HREG4 मप्र में सिहोर के सलकनपुर में तीन दिवसीय देवी महोत्सव आज से
सीहोर, 29 मई (हि.स.)। देवीधाम सलकनपुर में आज (सोमवार) से 31 मई तक तीन दिवसीय देवी लोक महोत्सव शुरू होगा । इस दौरान यहां अनेक सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम तथा विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 31 मई को आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। इसी दिन सलकनपुर में निर्मित होने वाले भव्य देवी लोक की आधारशिला भी रखी जाएगी। समारोह में एक लाख से अधिक नागरिक शामिल होंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी देवेन्द्र ओगारे ने बताया कि देवीधाम सलकनपुर में आज दोपहर 2:00 बजे देवी लोक महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। महोत्सव के प्रथम दिन महिला वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए 1425 टीमों ने पंजीयन कराया है। इन प्रतियोगिता में कुल 9280 प्रतिभागी भाग लेंगे।
देवी लोक महोत्सव में कार्यक्रम आयोजन के लिए तीन मंच बनाए गए हैं। मां नव दुर्गा पंडाल लगाया गया है, जिसमें माता के नौ रूपों को मूर्ति के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। धर्मगुरुओं, कथावाचकों तथा पंडितों के बैठने के लिए अलग से मंच बनाया गया है। कार्यक्रम स्थल पर विजयासन धाम सलकनपुर तब और अब प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही देवी लोक का मॉडल भी प्रदर्शित किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम तथा नगर से आने वाली शिला एवं चुनरी के संकलन के लिए काउंटर बनाए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय वन एवं जनजाति कला पर आधारित उत्पाद की प्रदर्शनी तथा महिला स्व सहायता समूह द्वारा निर्मित उत्पादों के स्टाल भी लगाए जाएंगे।
महोत्सव में प्रथम दिवस दोपहर 3:00 से 5:00 बजे तक रंगोली प्रतियोगिता, 5:00 से 6:00 बजे तक कलश एवं पूजा की थाली सजाओ प्रतियोगिता तथा मिट्टी के दिए सजाओ प्रतियोगिता, 6:00 से 7:00 बजे तक 6 से 12 वर्ष तथा 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए माता का शृंगार प्रतियोगिता, 7:00 से 8:00 बजे तक महिला भजन मंडल द्वारा भजन प्रतियोगिता होगी। इसके बाद 8:00 से 9:00 बजे तक 51 हजार दीप का प्रज्वलन तथा 9:00 बजे पुरस्कार वितरण किया जाएगा।
देवी लोक महोत्सव के दूसरे दिन 30 मई को पुरुष वर्ग की लंगड़़ी भजन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में बुधनी विधानसभा की अनेक मण्डलियां भजनों की प्रस्तुति देंगी। 31 मई को माताजी की चुनरी, शिला, कलश यात्रा निकाली जाएगी। वैदिक रीति से स्वस्ति गान, मंत्रोच्चार होगा। भूमि पूजन एवं शिला पूजन कार्यक्रम तथा धर्मगुरुओं और कथावाचकों का सम्मान किया जाएगा। देवीलोक मंदिर के स्वरुप पर आधारित वीडियो का प्रदर्शन होगा। कार्यक्रम में आतिशबाजी के पश्चात प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।