नशा मुक्ति केंद्र संचालकों के बीच फायरिंग में 10 नामजद समेत 13 पर केस दर्ज, चार आरोपित गिरफ्तार

Share

07HCRI1 नशा मुक्ति केंद्र संचालकों के बीच फायरिंग में 10 नामजद समेत 13 पर केस दर्ज, चार आरोपित गिरफ्तार

-शुक्रवार देर रात नशा मुक्ति केंद्र के दो संचालकों के बीच फायरिंग में एक युवक गोली लगने से हुआ था घायल

मुरादाबाद, 06 मई (हि.स.)। मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के रामगंगा विहार में शुक्रवार देर रात नशा मुक्ति केंद्र के दो संचालकों के बीच फायरिंग के मामले में आज (शनिवार को) थाना पुलिस ने 10 नामजद समेत 13 के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के आरोपित दो-दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गोलीबारी में एक युवक घायल हो गया था, जिसका कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मामले में थाना सिविल लाइंस इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर 10 नामजद समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया है। दोनों पक्षों के कब्जे से 315 बोर के दो लाइसेंसी असलहे, दो कारतूस व खोखा के अलावा 12 बोर की गन व कारतूस बरामद हुए थे।

मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के रामगंगा विहार फेज दो में दो नशा मुक्ति केंद्र आसपास हैं। प्रेरणा नशा मुक्ति केंद्र के संचालक छवि सिंह पुत्र ओमवीर सिंह हैं, जबकि जीवन उदय नशा मुक्ति केंद्र का संचालन कमलजीत सिंह पुत्र रामवीर सिंह करते हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों केंद्रों के संचालक आपस में रिश्तेदार भी हैं। उनके बीच वर्षों से व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा भी है। यही वजह है कि नशा मुक्ति केंद्र के दोनों संचालकों के परस्पर संबंध आपस में ठीक नहीं हैं। छानबीन में पुलिस को पता चला कि कमलजीत सिंह का पालतू कुत्ता शुक्रवार देर शाम छवि सिंह के नशा मुक्ति केंद्र में आ घुसा। इसे लेकर देर शाम से ही दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। रात करीब एक बजे दोनों पक्ष लाइसेंसी असलहे लेकर अचानक आमने-सामने हो गए। गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों पक्षों ने एक दूसरे को निशाना बनाकर फायर झोंकना शुरू कर दिया। देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से पड़ोसियों की नींद टूट गई। उन्होंने नशा मुक्ति केंद्र के दो संचालकों के बीच सड़क पर खुली जंग होने की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस अर्पित कपूर व प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस गजेंद्र सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पूछताछ में पता चला कि कमलजीत सिंह के दाहिने हाथ में गोली लगी है। खून से लथपथ नशा मुक्ति केंद्र संचालक को पुलिस ने तत्काल कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल कमलजीत सिंह की हालत खतरे से बाहर हैं।

प्रभारी निरीक्षक सिविल गजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर 10 नामजद समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया है। मौके से पुलिस ने छवि चौधरी व पुनीत के अलावा दूसरे पक्ष से तस्वीर उर्फ मोनू लाठर व विजय प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पक्षों के कब्जे से 315 बोर के दो लाइसेंसी असलहे व दो कारतूस व खोखा के अलावा 12 बोर की गन व कारतूस बरामद हुए थे। शनिवार को चारों आरोपितों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से चारों आरोपित जेल भेज दिए गए।

दोनों पक्षों के शस्त्र लाइसेंस भी निरस्त किए जा रहे हैं: सीओ सिविल लाइंस

सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि दो पक्षों में गोलीबारी की सूचना मिलने के तत्काल बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। गोली लगने से एक युवक घायल हुआ है। उसका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर है। दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों ही पक्षों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की है। दोनों पक्षों के शस्त्र लाइसेंस भी निरस्त कराया जाएगा।