06HREG423 ऋषि मुनियों ने सम्पूर्ण स्वास्थ की व्याख्या सदियों पहले की थी : डॉ तोमर
–अच्छा स्वास्थ हमारी मूलभूत आवश्यकता : डॉ वंदना बंसल
प्रयागराज, 06 अप्रैल (हि.स.)। सम्पूर्ण स्वास्थ्य की व्याख्या सदियों पहले हमारे ऋषि मुनियों ने की थी, जिसको आज डब्ल्यूएचओ भी मानता है। उनके अनुसार अच्छा स्वास्थ्य सिर्फ हमारे भौतिक शरीर से ही सम्बन्धित नहीं है, बल्कि हमारे मानसिक, अध्यात्मिक व आत्मा से भी इसका सम्बंध है। जब यह सब स्वस्थ होंगे तभी हम पूर्णरूप से स्वस्थ कहलायेंगे।
यह बातें विश्व आयुर्वेद मिशन के अध्यक्ष डॉ जीएस तोमर ने गुरुवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस की पूर्व संध्या पर जीवन ज्योति हॉस्पिटल में सम्बोधित करते हुए कही। हेल्थ फॉर ऑल होलिस्टिक हेल्थ थीम के अन्तर्गत आयोजित कार्यक्रम में डॉ वन्दना बंसल ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य हमारी मूलभूत आवश्यकता है। यदि अच्छा स्वास्थ्य नहीं हुआ तो हम बहुत सी चीजों का आनन्द नहीं ले पायेंगे। यहां तक कि सबसे साधारण भोजन भी शायद ठीक से ग्रहण न कर पायें। इसलिए जरूरी है कि हम अपनी दिनचर्या को नियमित रखें व जीवनशैली से सम्बंधित बीमारियों से बचें। उनमें से एक सबसे बड़ी बीमारी है मोटापा। यदि हम शुरू से ही अपने खान-पान पर नियंत्रण रखें तो इस बीमारी से बचा जा सकता है।
डॉ अर्पित बंसल ने बताया कि यदि बहुत कोशिश करने पर भी वजन कम नहीं हो रहा है तो जीवन ज्योति हॉस्पिटल में बैरियाट्रिक सर्जरी की सुविधा है, जिसमें बहुत ही सुरक्षित ढंग से लोगों का वजन कम हो सकता है। हम निरंतर नई तकनीक लाते हैं जिसके अन्तर्गत अब हम दूरबीन विधि से सर्जरी करते हैं। हमारे यहां एडवान्स्ड लेजर सर्जरी सेन्टर है, जिसमें लेजर द्वारा पाइल्स का बहुत ही सफलतापूर्वक इलाज किया जाता है। उन्होंने बताया कि इमेजिंग तकनीक का इस्तेमाल करके अब हम ना सिर्फ बीमारियों का पता कर सकते हैं बल्कि बिना चीरफाड़ किये उसका इलाज भी कर सकते हैं।
डॉ साक्षी बंसल ने बताया कि जेनेटिक टेस्ट के द्वारा हम कई बीमारियों का सही डायग्नसिस कर सकते हैं उनका किस तरह का इलाज हो उसको प्लान कर सकते हैं। कई बच्चों में सेरेब्रल पाल्सी के लक्षण होते हैं जोकि कई बार जेनटिक डिसऑर्डर के कारण होता है।
इस अवसर पर डॉ आरके शर्मा, डॉ अजय गोपाल, डॉ विशाल श्रीवास्तव, डॉ अन्जुला सहाय, कल्पना बंसल, वर्षा अग्रवाल, डॉ शान्ति चौधरी आदि उपस्थित रहे।