मेरठ में खेतों में गोकशी पर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन

Share

18HCRI12 मेरठ में खेतों में गोकशी पर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन

मेरठ, 18 अप्रैल (हि.स.)। परतापुर थाना क्षेत्र के चंदसारा गांव में मंगलवार को खेतों में गोकशी की घटना सामने आई। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने पर आरोपितों को सबक सिखाने की चेतावनी दी।

परतापुर थाना क्षेत्र में चंदसारा गांव में मंगलवार को ग्रामीणों को खेत में गोवंश के अवशेष दिखाई दिए। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। इसके बाद सीओ शुचिता सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में आए दिन गोकशी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। अगर पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे खुद आरोपितों को सबक सिखाएंगे। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले भी खेत में एक बछड़े को निर्ममता से बांधा गया था। ग्रामीणों के समय पर पहुंचने पर बछड़े की जान बचाई जा सकी। अब फिर से खेत में गोकशी की घटना को अंजाम दिया गया है। सीओ ने ग्रामीणों को आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने गोवंश के अवशेषों को गड्ढा खुदवा कर दबवा दिया।