07HREG159 ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष ने प्राचीन मंदिर श्रीगोवर्धन नाथ के किए दर्शन
मथुरा, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र शुक्रवार अचानक अतिप्राचीन मंदिर श्रीगोवर्धन नाथ पहुंचे। उन्होंने मंदिर की प्राचीनतम परम्परा व अन्य बातों की जानकारी सेवायत एवं देश के प्रख्यात रंगकर्मी रंगाचार्य पंडित लोकेन्द्र नाथ कौशिक से ली। इस दौरान सेवायत ने भगवान की प्रसादी पटुका और माला भेंट की।
इस अवसर पर योगी सरकार की सफलताओं के लिए भगवान गोवर्धन नाथ से मंगलकामनाएं की गई तथा भगवान से प्रार्थना की गई कि मोदी-योगी सरकार को सशक्त बनायें तथा उनके निर्देशन में देश हिंदू राष्ट्र बन सके।
रंगाचार्य पंडित कौशिक ने सेवायतों एवं तीर्थ पुरोहितों की आर्थिक स्थिति से जूझते हुए हालातों को अवगत कराते हुए सरकार से मानदेय एवं मंदिरों की उचित सेवाओं पर ध्यान देने की मांग की, तभी सही रूप में रामराज्य की परिकल्पना साकार हो सकेगी।
इस अवसर पर श्री मिश्र का अभिनंदन करने के लिए मंदिर के द्वार पर रत्नेश चतुर्वेदी (पूर्व सीओ उत्तर प्रदेश पुलिस), वेदान्त कौशिक (तीर्थ पुरोहित पालीवाल समाज), प्रेस छायाकार के.के अरोड़ा, अभिनेता सौरभ कौशिक, उद्योगपति कुशल पाल शर्मा, ठाकुर मनोज तोमर एवं युवा व्यापारी राहुल शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।