वाराणसी : मॉक ड्रिल से कोविड संक्रमण से बचाव की तैयारियां परखीं

Share

01HREG406 वाराणसी : मॉक ड्रिल से कोविड संक्रमण से बचाव की तैयारियां परखीं

-10 चिकित्सा इकाईयों में हुआ पूर्वाभ्यास

-आक्सीजन प्लांट की क्रियाशीलता, ऑक्सीजन युक्त बेड की उपलब्धता पर विशेष जोर

वाराणसी, 01 अप्रैल (हि.स.)। वाराणसी में कोविड के दस्तक के बीच शनिवार को मॉक ड्रिल से बचाव की तैयारियों को परखा गया। जिले के 10 चिकित्सालयों में पूर्वाभ्यास हुआ। इसमें चार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, पं. दीन दयाल उपाध्याय जिला चिकित्सालय, बीएचयू स्थित सर सुंदर लाल चिकित्सालय भी शामिल रहा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ संदीप चौधरी ने बताया कि यह मॉक ड्रिल कोविड के नए वैरियंट के संक्रमण को देखकर किया गया। मॉकड्रिल के दौरान चिकित्सालयों में कोविड प्रबंधन की तैयारियों के सभी विभागों से स्वास्थ्य टीम का और स्वास्थ्य टीम के आपस का समन्वय भी देखा गया। सीएमओ ने बताया कि जिन चिकित्सालयों में मॉक ड्रिल की गई उन सभी में आक्सीजन प्लांट की क्रियाशीलता, ऑक्सीजन युक्त बेड की उपलब्धता देखी गई।

उन्होंने दावा किया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर दवा की पूरी उपलब्धता है। मॉक ड्रिल में जिन चिकित्सा इकाईयों में कमी पाई गई उन्हें समय रहते हुए पूरा किया जाएगा। सीएमओ ने जनपद वासियों से अपील की है कि कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मास्क लगाकर ही घर से बाहर निकलें। जिला सर्विलांस अधिकारी डाॅ एसएस कनौजिया एवं चिकित्साधिकारी डॉ अतुल सिंह ने बताया कि चयनित सीएचसी पर नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई थी । मॉक ड्रिल के दौरान जनपद में कोविड मरीजों के लिए आरक्षित बेड, वार्ड और आक्सीजन प्लांट की क्रियाशीलता की उपलब्धता देखी गई।

पूर्वाभ्यास दीन दयाल चिकित्सालय में अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण वाराणसी मण्डल डाॅ मृदुला सिंह के अलावा सीएमएस आरके सिंह, सीएचसी चोलापुर में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसएस कनौजिया, सीएचसी आराजी लाइन में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश प्रसाद, सीएचसी गंगापुर में एसीएमओ डॉ एच सी मौर्य, सीएचसी हाथी बाजार में डिप्टी सीएमओ डॉ वाईबी पाठक, सीएचसी नरपतपुर में डाॅ अतुल सिंह, सीएचसी मिसिरपुर में डिप्टी सीएमओ डॉ अमित सिंह, सीएचसी चौकाघाट में अधीक्षक डॉ फाल्गुनी गुप्ता, सीएचसी शिवपुर में अधीक्षक एवं बीएचयू सर सुंदर लाल चिकित्सालय में डब्ल्यूएचओ एसएमओ के नेतृत्व में की गई।