यातायात संकुलन को रोकने के लिए नियमों का पालन जरूरी : मुख्य सचिव

Share

06HREG45 यातायात संकुलन को रोकने के लिए नियमों का पालन जरूरी : मुख्य सचिव

देहरादून, 06 अप्रैल (हि.स.)। मुख्य सचिव ने कहा कि शहर के यातायात संकुलन को रोकने के लिए नियमों के पालन पर विशेष ध्यान केन्द्रित करने की आवश्यकता है। इसके लिए आमजन में जागरूकता लाने के लिए प्रचार-प्रसार के साथ ड्रोन कैमरों का अधिक से अधिक प्रयोग किया जाए।

सचिवालय में यातायात संकुलन को कम करने के लिए आज यूनिफाइड मेट्रोपोलिटन ट्रांसपोर्टेशन अथॉरिटी (यूएमटीए) की हुई बैठक में मुख्य सचिव डॉ. एस.एस.संधू ने यातायात संकुलन को कम करने के लिए आमजन का पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर विश्वास जगाने के साथ ही यातायात नियमों का पालन कराने पर जोर दिया। पब्लिक ट्रांसपोर्ट की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने के साथ ही नियमितता भी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि एक समान योजना कहीं भी कारगर साबित नहीं होगी। किसी भी योजना के लिए एरिया स्पेसिफिक प्लान तैयार किया जाए। अधिक से अधिक तकनीक का इस्तेमाल पर काम करना होगा।

मुख्य सचिव ने आमजन यातायात के लिए शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि बच्चों को ऑनलाइन ड्राइविंग ट्रेनिंग के लिए मॉड्यूल तैयार किया जाए, जो ऑनलाइन उपलब्ध रहे। उन्होंने कहा कि लोगों के व्यवहार में सुधार लाने के लिए लघु फिल्मों के माध्यम से प्रचार-प्रसार के साथ ही आने वाली पीढ़ी को यातायात नियमों के विषय में अधिक से अधिक शिक्षित करने के लिए प्रयास करना होगा।

मुख्य सचिव के पूर्व के आदेशों के क्रम में शहर के यातायात संकुलन कम करने की दिशा में लगातार अनुश्रवण प्रणाली की देखरेख के लिए यूनिफाइड मेट्रोपोलिटन ट्रांसपोर्टेशन अथॉरिटी पाक्षिक रूप से बैठक की जाएगी।

इस मौके पर अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, सचिव अरविन्द सिंह ह्यांकी, प्रबन्ध निदेशक उत्तराखंड मेट्रो रेल कारपोरेशन जितेन्द्र त्यागी, निदेशक यातायात मुख्तार मोहसिन, जिलाधिकारी सोनिका, एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर, मुख्य नगर अधिकारी मनुज गोयल, एसपी यातायात अक्षय प्रह्लाद कोण्डे सहित अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।