12HREG320 सुरक्षा के लिए व्यापारी लगाएं अपने प्रतिष्ठानों के आगे कैमरे: एसपी राठौड़
अशोकनगर, 12 अप्रैल(हि.स.)। व्यापारी सुरक्षा की दृष्टि से अपने-अपने प्रतिष्ठानों के बाहर गुणवत्ता पूर्ण सीसी टीवी कैमरे लगवायें, एवं रात्रि में प्रतिष्ठानों के बाहर बिजली चालू रखें। सराफा व्यापारी कहीं आभूषण लाते-ले जाते हैं, ऐसी स्थिति में पुलिस चेकिंग के नाम अगर पुलिस उन्हें तंग करती है तो पुलिस कप्तान को अवगत कराएं। यह बात नवागत पुलिस कप्तान अमन सिंह राठौड़ ने बुधवार को सराफा व्यापारियों और बैंक अधिकारियों की ली गई बैठक में कही।
पुलिस कप्तान राठौड़ ने सुरक्षा और अपराधों को दृष्टिगत रखते हुए बातचीत के दौरान व्यापारियों के सुझाव भी लिए। पुलिस कप्तान ने व्यापारियों को उनके प्रतिष्ठान के बाहर गुणवत्ता पूर्ण कैमरे लगवाने के सुझाव दिया, उनके द्वारा सराफा क्षेत्र में जनभागीदारी से कैमरे लगवाने का भी सुझाव दिया गया। साथ ही पुलिस कप्तान ने प्रतिष्ठानों पर काम करने वाले कर्मचारियों का चरित्र सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए।
सराफा व्यापारियों की मांग पर कि सराफा क्षेत्र में कोई निजी गार्ड तैनात नहीं है। इस पर पुलिस कप्तान ने रिटायर्ड आर्मी जवान अथवा निजी सुरक्षा कम्पनी के गार्ड रखने का सुझाव व्यापारियों को दिया। व्यापारियों की मांग पर कि रात्रि में पुलिस सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराये जाएं, इस पर पुलिस कप्तान ने टीआई को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस कप्तान राठौड़ ने बैंक अधिकारियों से उनके बैंक एवं एटीएम में सुरक्षा कैमरों एवं गार्ड की उपलब्धता, अनुउपलब्धता पर चर्चा की। तथा बैंक फ्राड मामलों में पुलिस द्वारा चाहने पर तत्काल खाते होल्ड लगाने के निर्देश दिए गए।