सड़क हादसों में मासूम बालक सहित तीन की मौत

Share

01HREG374 सड़क हादसों में मासूम बालक सहित तीन की मौत

फिरोजाबाद, 01 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में शनिवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अन्तर्गत हुए सड़क हादसों में मासूम बालक सहित तीन लोगों की मौत हो गयी। पुलिस मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाई है।

जनपद मैनपुरी के गढ़िया जानपुर बरनाहल क्षेत्र निवासी ऋषि कुमार (21) पुत्र चन्दन सिंह थाना सिरसागंज क्षेत्र अन्तर्गत एक्सप्रेस-वे पर पैदल सड़क पार कर रहे थे। बताया जाता है कि तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गयी। दुर्घटना देख लोगों की भीड़ जमा हो गयी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताला लायी है।

वहीं दूसरी घटना में थाना टूण्डला क्षेत्र के गांव नगल कलुआ निवासी आमीन (5) पुत्र आमिर बाइक पर परिजन के साथ आधार कार्ड बनवाने जा रहा था। बताया जाता है कि तभी गांव के समीप ही वह अचानक बाइक से गिर पड़ा तभी एक अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी। मासूम बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

तीसरी घटना में थाना सिरसागंज क्षेत्र के अरांव निवासी शिवकुमार (35) पुत्र भिखारी दास बाइक पर अपने मित्र राजेश के साथ बैठकर शिकोहाबाद जा रहा था। बताया जाता है कि तभी रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से शिवकुमार की मौत हो गयी। जबकि राजेश घायल हो गया। हादसे की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवाया है।