टेबलेट से तकनीकी रूप से सशक्त होंगे विद्यार्थी: डॉ. सोमेंद्र तोमर

Share

01HREG397 टेबलेट से तकनीकी रूप से सशक्त होंगे विद्यार्थी: डॉ. सोमेंद्र तोमर

मेरठ, 01 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश में रोजगार को बढ़ावा देने और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रदेश के सभी युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित कर रहे हैं। टेबलेट के माध्यम से विद्यार्थी तकनीकी रूप से सशक्त होंगे। इससे ज्ञानवर्धन में टेबलेट सहयोगी साबित होगा।

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग में शनिवार को विद्यार्थियों को टेबलेट वितरित किए गए। मुख्य अतिथि उर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि आज का युग तकनीक का युग है। रोज नई तकनीक से विद्यार्थियों को रूबरू होना पड़ता है। उसे सीखने और जानकारी के लिए यह टेबलेट कारगर साबित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने की। उन्होंने कहा कि इस टेबलेट का सदुपयोग पढ़ाई के लिए करें। देश समाज व राष्ट्रहित में कार्य करें। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कविता ने किया। इस अवसर पर प्रो. बिंदु शर्मा, प्रो. बीरपाल सिंह, प्रो. अनिल मलिक, प्रो. अनुज कुमार, डॉ. योगेंद्र गौतम, डॉ. विवेक नौटियाल आदि उपस्थित रहे। विवि के तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल में भी टेबलेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि आधुनिक शिक्षा केवल पुस्तकों तक ही सीमित नहीं है। वरन सूचना और संचार क्रांति के युग में यह वैश्विक हो गई है। सूचना और ज्ञान अब सभी के पास स्मार्टफोन के माध्यम से उपलब्ध है। अब विद्यार्थी अपने ज्ञान को अद्यतन करते हुए शैक्षिक स्तर को सुधार सकता है। इस अवसर पर एमजेएमसी के 37 विद्यार्थियों और पीएचडी के दो विद्यार्थियों को टेबलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने तथा संचालन साक्षी शर्मा ने किया। इस अवसर पर निदेशक प्रो. प्रशांत कुमार, डॉ. मनोज श्रीवास्तव, लव कुमार सिंह, नेहा कक्कड़, मितेंद्र गुप्ता, उपेश दीक्षित, राकेश कुमार, ज्योति वर्मा आदि उपस्थित रहे।