01HREG405 मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए जनजागरुकता जरूरी: नरेंद्र कश्यप
गाजियाबाद, 01 अप्रैल (हि.स.)। पूरे प्रदेश में शनिवार से एक माह का संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हुआ है। इसी क्रम में प्रदेश के राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने जिला संयुक्त अस्पताल से अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला संयुक्त अस्पताल से जागरुकता रैली को रवाना किया गया। जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए लोगों को संचारी रोग की जानकारी देगी एवं इसके बारे में जागरूक करेगी।
इस अवसर पर नरेंद्र कश्यप ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान का उद्देश्य है कि आगामी महीनों में संक्रमित बीमारियों से बचाव किया जा सके। मच्छरजनित बीमारियों से दूर रहा जा सके इसके लिए फॉगिंग एवं छिड़काव कराया जाएगा। सफाई अभियान से लेकर जागरुकता अभियान चलाए जाएंगे ताकि रोगों से बचा जा सके। विभिन्न विभागों के समन्वय से इस अभियान को शुरू किया गया है ताकि कहीं कोई कमी न रह सके।
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि एक महीने तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इसमें 17 अप्रैल से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ भवतोष शंखधर ने बताया कि इस अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें डोर टू डोर अभियान चलाएंगी और दिमागी बुखार, सीजनल बुखार से पीड़ित मरीजों की तलाश कर उन्हें समुचित इलाज उपलब्ध कराने का काम करेंगी।