बालाघाटः तेज रफ्तार बस पलटी, 21 से अधिक यात्री घायल

Share

10HREG281 बालाघाटः तेज रफ्तार बस पलटी, 21 से अधिक यात्री घायल

बालाघाट, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले के वारासिवनी थाना क्षेत्र अंतर्गत वैष्णो देवी मंदिर के समीप मोड़ पर सोमवार को एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस सवार 21 से अधिक सवार घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस के अनुसार, केजीएन कंपनी की बस बालाघाट से सवारी को बैठाकर तिरोड़ी की ओर जा रही थी। इसी दौरान वैष्णो देवी मंदिर के समीप मोड़ पर बस के सामने एक वाहन आ गया, जिसके कारण बस के चालक ने ब्रेक लगाया, लेकिन बस की रफ्तार अधिक होने के चलते बस अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि बस दो बार पलटी, जिसके कारण उसमें सवार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। बस का चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में बस के परिचालक को गंभीर चोट आई है।

वारासिवनी एसडीओपी अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने बस के कांच को तोड़ कर यात्रियों को बाहर निकाला और एक अन्य बस के माध्यम से कुछ यात्रियों को बालाघाट जिला अस्पताल लाया गया, तो कुछ यात्रियों को वारासिवनी अस्पताल में लाया गया है। 13 घायलों को जिला अस्पताल और आठ घायल वारासिवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जिला अस्पताल में अरुण कुमार पुत्र बुद्धदास रेहवेकर 54 वर्ष वारासिवनी निवासी, पवन पुत्र कृष्णकुमार कुर्वे 45 वर्ष खंडवा निवासी, जय सिंह पुत्र महादेव चिखलोंडे 70 वर्ष, सीमा पुत्री जयसिंह चिखलोंडे 32 वर्ष गर्रा निवासी, आरती पुत्री ताराचंद खंडवाये 19 वर्ष खमरिया निवासी, हिमानी पुत्री दिनेश दशहरे भेंडारा, भुमेश्वरी पत्नी महेश मंडलवार 30 वर्ष कासपुर निवासी, बस का कंडक्टर कलीम पुत्र रसीद खान, पुरनलाल ठकरेले नैतरी निवासी समेत अन्य चार व वारासिवनी अस्पताल में दुलीचंद नन्दनवार 52 वर्ष आमगांव, सुशवंता उइके 50 वर्ष मानेगांव, सुखचंद शिवहरे, शक्ति कुंभरे, नेहा रावड़े, आयुषी ठाकरे, शिल्पा पटले भर्ती हैं।

पुलिस ने बस को जब्त कर मुकदमा दर्ज किया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।