02HREG117 श्री बालाजी महाराज की भव्य शोभा यात्रा 06 अप्रैल को, दिखेगी धारी देवी की झांकी
देहरादून, 02 अप्रैल (हि.स.)। त्रयोदशी श्री बालाजी महाराज की भव्य शोभा यात्रा 06 अप्रैल को निकाली जाएगी। यात्रा में विशेष रूप से उत्तराखंड के केदारनाथ धाम, बद्रीनाथ धाम और पहली बार मां धारी देवी की झांकी के साथ हनुमान जी के विभिन्न स्वरूपों की झांकी भी देखने को मिलेगी।
रविवार को प्रेस क्लब में श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी मंदिर सेवादल के नेतृत्व में विभिन्न मंदिरों, धर्मार्थ एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। बताया गया कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविन्द्र पुरी महाराज के सानिध्य में हनुमान जन्मोत्सव के पावन पर्व पर निकलने वाली झांकी 06 अप्रैल को शाम 3:30 बजे से देहरादून के शिवाजी धर्मशाला से प्रारंभ होगी। झांकियों पर रचनात्मक संदेश देते बैनर जल ही जीवन है, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ गंगा, नारी का सम्मान करो, स्वच्छ भारत आदि भी होंगे। पहली बार लेजर लाइटों के माध्यम से झांकियां और भव्य शो देखने को मिलेगा, जिसके लिए मुंबई से कलाकारों की टीम आएगी। यात्रा से एक दिन पूर्व 05 अप्रैल की रात्रि को शिवाजी धर्मशाला देहरादून में लेजर लाइट से रामजी की लीला दिखाई जाएगी। जिसमें पहली बार हवा में उड़ते हनुमान जी आदि सभी को आकर्षित कर देंगे। झांकी शिवाजी धर्मशाला से प्रारंभ होकर सहारनपुर रोड, झंडा बाजार, रामलीला बाजार, धामावाला पलटन बाजार, घंटाघर, चकराता रोड, बिंदाल चौक से तितक रोड, भंडारी चौक से वापिस शिवाजी धर्मशाला में रात्रि 9.30 बजे विश्राम लेगी। रविवार 9 अप्रैल को मंदिर प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन होगा। कन्याओं का विवाह सामूहिक रूप से 14 मई को होगा। वर्तमान में ऐसी कन्याएं अपना पंजीकरण करवा सकती हैं। निशुल्क दिव्यांग चिकित्सा शिविर भी लगाया जाएगा।