07HREG381 सिवनीः जेल पहुंचे जंगली सुअर का मांस पकाते पकड़ाए पांच आरोपित
सिवनी, 07 अप्रैल(हि.स.)। जिले के म.प्र.राज्य वन विकास निगम बरघाट परियोजना मंडल के परियोजना परिक्षेत्र केवलारी की बीट खैरी अंतर्गत आने वाले राजस्व क्षेत्र से वन विकास निगम की टीम ने जंगली सुअर का मांस पकाते हुए बीते दिन पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया था। आरोपितों को शुक्रवार को जिला न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस बात की जानकारी बरघाट परियोजना मंडल सिवनी के संभागीय प्रबंधक भारती ठाकरे(भावसे) ने शुक्रवार की शाम को दी।
संभागीय प्रबंधक ने बताया कि बुधवार 05 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिलने पर विभागीय टीम ने परियोजना परिक्षेत्र केवलारी के खैरी बीट राजस्व क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम खैरी में दबिश दी। वहां पर जंगली सुअर का मांस पकाते हुए फूलसिंह पुत्र ज्ञानसिंह गौंड, केवल पुत्र फेकनलाल गौंड, अखिलेश पुत्र अंतलाल अहीर, हरिचंद पुत्र सोमल गौंड चारों निवासी ग्राम खैरी एवं दिनेश पुत्र वीरसिंह गौंड निवासी लालबर्रा को गिरफ्तार किया गया।
आगे बताया गया कि आरोपितों के कब्जे से जंगली सुअर का शिकार करने में उपयोग की सामग्री एवं कच्चा तथा पका मांस बरामद कर वन अपराध दर्ज किया गया है। शुक्रवार को पांचों आरोपितों को जिला न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।