राजगढ़ः अवैध रेत उत्खनन पर संयुक्त कार्रवाई-दो पोकलेन,एक डंपर सहित बोलेरो जब्त

Share

12HREG350 राजगढ़ः अवैध रेत उत्खनन पर संयुक्त कार्रवाई-दो पोकलेन,एक डंपर सहित बोलेरो जब्त

राजगढ़,12 अप्रैल (हि.स.)। करनवास थाना क्षेत्र के ग्राम समेली स्थित दूधी नदी पर मंगलवार की रात अवैध रेत उत्खनन पर पुलिस, स्थानीय प्रशासन और खनिज विभाग टीम द्वारा संयुक्त रुप से कार्रवाई की गई। टीम ने मौके से दो पोकलेन मशीन, एक डंपर और एक बोलेरो पिकअप वाहन जब्त किया, जिसकी कुल कीमत 75 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य फरार हो गए। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ खनन अधिनियम व चोरी के तहत प्रकरण दर्ज किया।

करनवास थानाप्रभारी अजय यादव ने बुधवार को बताया कि कलेक्टर हर्ष दीक्षित व पुलिस अधीक्षक बीरेन्द्र कुमार सिंह के निर्देश पर एएसपी मनकामनाप्रसाद, एसडीओपी नेहा गौर के मार्गदर्शन में बीती रात दूधी नदी स्थित ग्राम समेली में रेत के अवैध उत्खनन पर पुलिस, स्थानीय प्रशासन व खनिज विभाग की टीम द्वारा संयुक्त रुप से कार्रवाई की गई। टीम ने मौके से 50 लाख रुपए कीमती दो पोकलेन मशीन, 20 लाख रुपए कीमती डम्पर क्रमांक एमपी 39 एच 3627 और 5 लाख रुपए कीमती बोलेरो पिकअप क्रमांक एमपी 39 जी 2668 को जब्त किया, वहीं मौके से रोड़जी (35) पुत्र रायसिंह सौंधिया निवासी माधौपुरा और जगदीश (30)पुत्र गणपतलाल यादव निवासी सेलापानी को गिरफ्तार किया,जबकि मशीन चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 379, 4/21 खनिज व खान अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ शुरु की।