08HREG19 सामाजिक समरसता मंच की ओर से आम्बेडकर जयंती पर सभी जिलों में होंगे कार्यक्रम
लखनऊ,08 अप्रैल (हि.स.)। सामाजिक समरसता मंच की ओर से अवध प्रान्त के सभी जिलों में भारत रत्न बाबा साहब आम्बेडकर की जयंती मनाई जायेगी। इस अवसर पर जिलों के अलावा महानगरों की सेवा बस्तियों में भी आम्बेडकर जयंती पर कार्यक्रम होंगे। गांवों में जहां पर आम्बेडकर की प्रतिमा लगी है, वहां पर प्रतिमा की साफ-सफाई करने के बाद पुष्पांजलि के कार्यक्रम किये जायेंगे। सेवा बस्तियों में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन सामाजिक समरसता मंच की ओर किया जायेगा।
लखनऊ में आम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर होगा बड़ा कार्यक्रम
राजधानी लखनऊ में सामाजिक समरसता मंच की ओर आम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर 13 अप्रैल को अस्पृश्यता उन्मूलन में बाबा साहेब आम्बेडकर का योगदान विषय पर गोष्ठी रखी गयी है। विश्व संवाद केन्द्र के अधीश सभागार में आयोजित गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में समाज कल्याण मंत्री असीम अरूण उपस्थित रहेंगे। गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में सामाजिक समरसता विभाग पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रमुख दिलीप कुमार रहेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अवध प्रान्त के प्रान्त संघचालक कृष्ण मोहन कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
प्रान्त प्रमुख सामाजिक समरसता विभाग के राज किशोर ने बताया कि लखनऊ के सभी नगरों में समरसता विभाग के कार्यकर्ताओं की ओर से आम्बेडकर जयंती मनाई जायेगी।