वनटांगियां बेटियों का सम्मान कर अभिभूत हूं: रवि किशन

Share

19HREG179 वनटांगियां बेटियों का सम्मान कर अभिभूत हूं: रवि किशन

– गोरखपुर महोत्सव एवं ताज महोत्सव में रैंपवॉक करने वाली बेटियों का उनके घर हुआ सम्मान

– सांसद रवि किशन शुक्ला का भी हुआ अभिनंदन

– हेरिटेज फाउंडेशन, वन विभाग एवं इनबुक फाउंडेशन ने आयोजित किया कार्यक्रम

गोरखपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। गोरखपुर से सांसद फिल्म अभिनेता रवि किशन शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्यारी वनटांगियां बेटियों को सम्मानित कर अभिभूत हैं। गोरखपुर महोत्सव के मंच से आगरा महोत्सव (ताज महोत्सव) के मंच तक वनटांगियां बेटियों ने अंग्रेजी, स्पेनिश, हिंदी और पंजाबी संगीत के फ्यूजन के साथ ट्रेडिशन वियर में रैंप वॉक कर सबका दिल जीता था। गोरखपुर में शो स्टॉपर का किरदार निभाने का मौका वनटांगियां बेटियों के साथ मुझे भी मिले। मेरी हृदय से आकांक्षा है कि वनटांगियां बेटियां समाज के मुख्य धारा में शामिल हो सीएम योगी आदित्यनाथ की आकांक्षाओं को आगे बढ़ाएं।

सांसद रवि किशन शुक्ला बुधवार को हेरिटेज फाउंडेशन गोरखपुर द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को बुधवार को जंगल तिनकोनिया नम्बर तीन में संबोधित कर रहे थे। हेरिटेज फाउंडेशन की संरक्षिका डॉ. अनिता अग्रवाल, मनीष चौबे, पशु कल्याण कार्यकर्ता शिवेंद्र यादव, सामाजिक कार्यकर्ता भूपेंद्र दत्त पाण्डेय, संयोजिका मल्लिका मिश्रा ने हेरिटेज फाउंडेशन परिवार की ओर से इनका अभिनंदन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद रवि किशन शुक्ला ने दीप प्रज्जवलित कर किया। फिर डॉ. अनिता अग्रवाल ने मानपत्र का वाचन कर सांसद रवि किशन को सौंपा। संचालन हेरिटेज वारियर्स की संयोजिका मल्लिका मिश्रा ने किया।

अनिता अग्रवाल ने कहा कि यह सीएम योगी आदित्यनाथ की पहल है कि गोरखपुर समेत समस्त यूपी विकास के पथ पर चल रहा है। दशकों से उपेक्षा का दंश झेल रहे वनटांगियां भी अब आवास, बिजली, पानी, चूल्हा, राशन, पेंशन, सड़क, खेत की चिंताओं से ऊपर उठ कर अब बड़ा सपना देख रहे हैं। रैंप वॉक पर मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही हैं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के समग्र विकास की गति को सांसद रवि किशन शुक्ला भी निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं।

आयोजन में इनबुक फाउंडेशन एवं कैफे सोशल मैगजीन ने भी सहयोग किया। कार्यक्रम में वनटांगिया ग्राम जंगल तिनकोनियां के मुखिया राम गणेश, पवन दूबे, समरेंद विक्रम सिंह, जय यदुवंशी, शिवम चंद एवं केशरी नंदन पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।