06HREG378 भाजपा स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं ने बूथों पर पार्टी का ध्वज फहराया
-काशी क्षेत्र के 16 संगठनात्मक जिलों के 30286 बूथों पर कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्बोधन को सुना
वाराणसी, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को पार्टी का स्थापना दिवस उल्लासपूर्ण माहौल में मनाया। वाराणसी जिला और महानगर के साथ काशी क्षेत्र के सभी 16 संगठनात्मक जिलों के 30,286 बूथों पर पार्टी का स्थापना दिवस मनाने के साथ कार्यकर्ताओं ने समूह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्बोधन को सुना।
स्थापना दिवस पर प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल एवं महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने उत्तरी विधानसभा के बूथ संख्या 263 गुलाब बाग पर झंडारोहण किया एवं पीएम मोदी के उद्बोधन को सुना। इसी क्रम में राज्य मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु ने दक्षिणी विधानसभा के बूथ संख्या-137 के बूथ अध्यक्ष राजकुमार के आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री को सुना।
वहीं प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने दक्षिणी विधानसभा के कालभैरव शक्ति केंद्र के बूथ संख्या 279 पर झंडारोहण किया एवं प्रधानमंत्री की बातों को सुना। नीलकंठ तिवारी ने कहा कि पार्टी को मिल रहा अपार जनसमर्थन इस बात का गवाह है कि 2024 में काशी समेत देश भर में कमल खिलेगा। नरेन्द्र मोदी फिर से देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी ही नहीं सबसे विश्वसनीय पार्टी भी बन गयी है। भाजपा सबका-साथ सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के साथ काम कर रही है। सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण को हमने हमेशा प्राथमिकता दी है।
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर प्रधानमंत्री के सम्बोधन को सुना। इसी क्रम में विधान परिषद सदस्य अशोक धवन ने कैंट विधानसभा के बूथ संख्या 91 पाणिनि कन्या वेद विद्यालय महमूरगंज में कार्यकर्ताओं के साथ पीएम के सम्बोधन को सुना। पार्टी के काशी क्षेत्र मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि प्रधानमंत्री के सम्बोधन के बाद कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिष्ठान्न खिलाकर बधाई भी दी।