नगर निकाय चुनाव : अप्रैल के तीसरे सप्ताह में जारी हो सकता है नोटिफिकेशन

Share

06HREG417 नगर निकाय चुनाव : अप्रैल के तीसरे सप्ताह में जारी हो सकता है नोटिफिकेशन

– राज्य निर्वाचन आयुक्त ने वीडिओ कांफ्रेंसिंग के जरिये प्रशासनिक अधिकारियों से कहा

गोरखपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पूर्व राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार सिंह गुरुवार को वीडिओ कांफ्रेंसिंग के जरिये प्रशासनिक अधिकारियों से मुख़ातिब हुए। इस दौरान उन्होंने कहा की नगर निकाय चुनाव का नोटिफिकेशन अप्रैल माह के तीसरे सप्ताह में जारी हो सकता है। इसलिए तैयारियां अभी से पूर्ण कर लें।

इस दौरान उन्होंने डीएम कृष्णा करुणेश, एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर के आलावा एनआईसी सभागार में वीडिओ कांफ्रेंसिंग से जुड़े सहायक निर्वाचन अधिकारी, उप निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया और अब तक के चुनाव संबंधित किए गए जनपद स्तरीय व्यवस्थाओं की जानकारियां लीं। इस दौरान उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश दिया और चुनाव की घोषणा होने के तत्काल बाद नगर निकाय चुनाव को संपन्न कराने की तैयारियों का खाका भी खींचा। राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने को तैयार रहें। चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद चुनाव संपन्न कराने को अभी से कमर कस लें।

उत्तर प्रदेश में राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार के मुताबिक प्रदेश में 760 नगरीय निकाय चुनाव के तहत 14,684 पदों पर चुनाव कराया जाएगा। इसके आलावा यूपी में नगर निगम के 17 मेयर, 1420 पार्षद और नगर पालिका परिषद के पद 199 अध्यक्ष व 5327 सदस्य और नगर पंचायत के 544 अध्यक्ष तथा 7178 सदस्यों का चुनाव होना है।

नगर निगम में ईवीएम का होगा प्रयोग

पर्याप्त पुलिस बल की सुराकाहा के बीच होने वाले नगर निकाय के चुनाव में होने वाले नगर निगम के 17 महापौर व 1420 पार्षदों के पदों पर ईवीएम से निर्वाचन कराया जाएगा जबकि अन्य सीटों पर चुनाव के लिए बैलेट पेपर का इस्तेमाल होगा। चुनाव आयुक्त के मुताबिक, संवेदनशील इलाकों में एक्स्ट्रा पुलिस फोर्स की तैनाती होगी और चरणबद्ध तरीके से चुनाव होंगे।