पाकिस्तानी अखबारों सेः इलेक्शन फंड जारी करने पर रस्साकशी

Share

10HINT5 पाकिस्तानी अखबारों सेः इलेक्शन फंड जारी करने पर रस्साकशी

– जजों में असहमति दूर करने के लिए चीफ जस्टिस ने शुरू किया सलाह-मशविरे का दौर

नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)। पाकिस्तान से सोमवार को प्रकाशित अधिकांश समाचार पत्रों ने इलेक्शन फंड के मामले पर जारी रस्साकशी की खबरें प्रमुखता से प्रकाशित की हैं। प्रधानमंत्री शहबाज के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक दो घंटे की माथ-पच्ची के साथ खत्म हुई।

बैठक में वित्त मंत्रालय को निर्देश दिया गया है कि वह विधि मंत्रालय की सलाह से इलेक्शन कमीशन को फंड उपलब्ध कराने के मामले पर पार्लियामेंट से मार्ग-दर्शन हासिल करने के लिए योजना तैयार करे और आज काबीना में पेश करे। गौरतलब है कि इलेक्शन के लिए 21 अरब डॉलर के फंड्स जारी नहीं हो सके, डेड-लाइन का आज अंतिम दिन है।

काबीना की बैठक में इलेक्शन शेड्यूल पर भी मंथन हुई। प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट का 4-3 का फैसला 3-2 से कैसे मान लें। पार्लियामेंट से पारित बिल वापस भिजवाना दुखद है। राष्ट्रपति को कानून की रक्षा करनी चाहिए। बैठक में संसद की सर्वोच्चता बहाल रखने पर बल दिया गया। संसद की संयुक्त बैठक और मंत्रिमंडल की बैठक भी आज फिर से बुलाई गई है।

अखबारों ने सुप्रीम कोर्ट के जजों में व्याप्त असहमति को खत्म करने के लिए चीफ जस्टिस उमर अता बिंदयाल के जरिए बातचीत का सिलसिला शुरू किए जाने की खबरें दी हैं। चीफ जस्टिस अपने साथी जजों के साथ अलग-अलग मुलाकातें कर रहे हैं। अखबारों ने अमेरिकी कांग्रेस के रिपब्लिकन सदस्य के जरिए पाकिस्तान पर लोकतंत्र की स्वतंत्रता के लिए दबाव डाले जाने की खबरें भी दी हैं।

तोशाखाना केस में इमरान खान के आज अदालत में पेश होने की खबरें भी समाचार पत्रों में छपी हैं। अखबारों ने गृह मंत्री राना सनाउल्लाह का एक बयान छापा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि जनता ने दोबारा धोखा खाया तो लंबी सजा मिलेगी। झूठे इमरान खान को थोपा गया। इमरान खान ने आईएमएफ के साथ कड़ी शर्तों पर समझौता किया। 4 साल में एक सड़क भी नहीं बनाई।

अखबारों ने चीनी के भंडार करने वालों के खिलाफ क्रैकडाउन की खबरें देते हुए बताया कि अफगानिस्तान तस्करी की भी जांच की जा रही है।

अखबारों ने उत्तरी वजीरिस्तान और सिबी में सेना के ऑपरेशन के दौरान चार आतंकवादियों के मारे जाने और एक नायक सूबेदार के मारे जाने की खबरें भी दी हैं। अखबारों ने चीन के सहयोग से नौसेना के लिए 2 युद्धपोत शाहजहां और टीपू के तैयार होने की खबरें भी दी हैं। मिसाइलों से लैस यह जहाज पनडुब्बियों के खतरे से भी निपटने की क्षमता रखता है।

अखबारों ने जम्मू-कश्मीर में जिला पूंछ में तलाशी कार्रवाई के दौरान एक कश्मीरी के मारे जाने की खबरें दी है। अखबारों ने आंध्र प्रदेश में विशेष अदालत के जरिए 16 साल पहले 11 आदिवासी महिलाओं के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म करने वाले 21 पुलिसकर्मियों को बरी करने की खबरें जारी की है। यह सभी खबरें रोजनामा पाकिस्तान, रोजनामा नवाएवक्त, रोजनामा खबरें, रोजनामा दुनिया, रोजनामा एक्सप्रेस, रोजनामा जंग और रोजनामा औसाफ आदि ने अपने पहले पन्ने पर प्रकाशित की हैं।

रोजनामा नवाएवक्त ने एक खबर दी है, जिसमें बताया गया है कि बैशाखी मेले के लिए भारत से 2,000 से अधिक सिख यात्री पाकिस्तान पहुंच गए हैं। सिख यात्री परसों गुरुद्वारा पंजा साहिब हसन अब्दाल जाएंगे, जहां मुख्य समारोह 14 अप्रैल को होगा। यात्री सरदार अमरजीत सिंह पलापुर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की अध्यक्षता में वाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान गए हैं।