(संशोधित) नेपाल के विदेश मंत्री बने एनपी सऊद, राष्ट्रपति पौडेल ने दिलाई शपथ

Share

16HINT8 (संशोधित) नेपाल के विदेश मंत्री बने एनपी सऊद, राष्ट्रपति पौडेल ने दिलाई शपथ

-नंदा चपाई भौतिक नियोजन निर्माण राज्यमंत्री नियुक्त, प्रधानमंत्री ने शपथ दिलाई

काठमांडू, 16 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल के विदेश मंत्री के रूप में एनपी सऊद को नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने रविवार को राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में मंत्री सऊद को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

कंचनपुर निर्वाचन क्षेत्र के सांसद सऊद नेपाली कांग्रेस की केंद्रीय समिति के सदस्य हैं। कांग्रेस अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा के विश्वासपात्र सऊद को विदेश मंत्री बनाने का फैसला शनिवार को सत्तारूढ़ गठबंधन के प्रमुख नेताओं के साथ चर्चा के बाद लिया गया।

शपथ लेने के बाद सऊद विदेश मंत्रालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ जल्द ही भारत का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि नेपाल में विदेश मंत्रालय प्रधानमंत्री प्रचंड के भारत दौरे की तैयारी कर रहा है। विदेश मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक प्रचंड के भारत दौरे में जलविद्युत और बिजली व्यापार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की तैयारी की जा रही है।

इसी तरह सीपीएन (यूएस) की नेता नंदा चपाई को भौतिक नियोजन निर्माण राज्यमंत्री नियुक्त किया गया है। इसी समारोह में प्रधानमंत्री प्रचंड ने चपाई को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

उल्लेखनीय है कि नेपाल में कैबिनेट मंत्री को पद एवं गोपनीयता की शपथ राष्ट्रपति दिलाते हैं, जबकि राज्यमंत्री को शपथ प्रधानमंत्री दिलाते हैं।