बरेका खेल मैदान पर अभ्यास कर रहे नेशनल खिलाड़ी की हार्ट अटैक से मौत

Share

06HREG432 बरेका खेल मैदान पर अभ्यास कर रहे नेशनल खिलाड़ी की हार्ट अटैक से मौत

-साथी खिलाड़ी और परिजन शोकाकुल

वाराणसी, 06 अप्रैल (हि.स.)। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के खेल मैदान पर गुरुवार को बास्केटबॉल का अभ्यास कर रहे नेशनल खिलाड़ी अजय कुमार सिंह (40) की अचानक हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। इसकी जानकारी पाते ही साथी खिलाड़ी और मैदान पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गये। सूचना पाते ही खिलाड़ी के परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे।

बरेका के लोको असेंबली शॉप में फीटर पद पर तैनात अजय कुमार सिंह प्रतिदिन की भांति साथी खिलाड़ियों के साथ फुटबाल खेलने के बाद बास्केटबॉल का अभ्यास कर रहे थे। खेलते खेलते अचानक अजय बेहोश होकर गिर पड़े। यह देख साथी उन्हें लेकर तत्काल बरेका केंद्रीय अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पाते ही अजय की पत्नी और बच्चे, पिता रोते-बिलखते केन्द्रीय अस्पताल में पहुंचे। अजय के साथियों के अनुसार अजय की स्पोर्ट्स कोटे से नौकरी लगी थी। वह परिसर स्थित आवासीय कॉलोनी में पत्नी और बच्चों अमिताभ, सौम्या शिवांश के साथ रहते थे। अजय के पिता कमला सिंह कुश्ती के राष्ट्रीय स्तर के कोच हैं। वहीं, छोटे भाई उदय प्रताप सिंह अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कोच हैं।