11HREG43 अनूपपुर: भ्रष्टाचार के मामले में आरोपितों की तलाश में बिजुरी पहुंची लोकायुक्त पुलिस
बिजुरी नगर पालिका में 7 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का मामले में 31 लोगों के खिलाफ दर्ज है मामला
अनूपपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। लोकायुक्त कार्यालय रीवा की तीन सदस्यीय टीम मंगलवार को जिले की बिजुरी पहुंची और तीन आरोपितों के घर दबिश दी, लेकिन आरोपित टीम के हाथ नहीं लगे। लोकायुक्त की टीम ने पूछताछ करने के संबंधित दस्तावेजों का निरीक्षण करने के साथ ही बिजुरी थाने पहुंचकर संबंधित अपराध के संबंध में थाना प्रभारी से चर्चा की।
नगर पालिका बिजुरी में 7 करोड़ 29 लाख रुपये के भ्रष्टाचार के मामले में लोकायुक्त रीवा ने 31 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं पर अपराध दर्ज किया है। जिनकी गिरफ्तारी के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लोकायुक्त टीम बिजुरी नगर पहुंचकर आरोपितों की तलाश करने के लिए उनके घर खंगाल रही है, लेकिन अभी तक कोई भी पुलिस की पहुंच में नहीं आ पाया है। लोकायुक्त रीवा निरीक्षक जिया उल हक ने बताया कि यदि आगे और लोगों के खिलाफ साक्ष्य पाए जाते हैं, तो उनके विरुद्ध भी अपराध दर्ज किया जाएगा।
दरअसल, राकेश द्विवेदी ने कार्यालय रीवा में नगर पालिका बिजुरी में हुए भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराई थी। लोकायुक्त की टीम ने मौखिक साक्ष्य एवं दस्तावेजों का संकलन किया। इसके आधार पर बिजुरी में निर्माण कार्यों और खरीददारी में व्यापक पैमाने पर जेम पोर्टल के माध्यम से सोलर लाइट कम करने, सीसी रोड निर्माण कार्य, आरसीसी नाली और खरीददारी में संबंधित फर्म को फायदा पहुंचाने के लिए नियमों के विपरीत निविदा जारी कर मनमाना भुगतान करने की जानकारी सामने आई। इससे शासन को लगभग 7 करोड़ 29 लाख रुपये की आर्थिक क्षति होना प्रमाणित पाया गया। इसकी विवेचना में और अधिक आर्थिक गबन निकलने की आशंका है।