इंदौर: गांव में घुसा तेंदुआ, दहशत में ग्रामीण

Share

08HREG86 इंदौर: गांव में घुसा तेंदुआ, दहशत में ग्रामीण

इंदौर, 8 अप्रैल (हि.स.)। महू के समीप स्थित ग्राम घोड़ाखुर्द में शनिवार सुबह एक तेंदुआ घुस गया। इससे गांव के लोग दहशत में हैं। पुलिस और वन विभाग की टीम गांव में पहुंच गई है और तेंदुए को वापस जंगल की तरफ भेजने के प्रयास किए जा रहे हैं।

महू के बडगोंदा थाना क्षेत्र में आने वाले आदिवासी बहुल ग्राम घोड़ाखुर्द में शनिवार सुबह एक तेंदुआ आबादी के बीच घुस आया। तेंदुए को देखते ही गांव में दहशत फैल गई। घबराए ग्रामीणों ने अपने मवेशियों की जान बचाने के लिए उन्हें एक झोपड़ीनुमा घर में बंद कर दिया। गांव के लोगों ने पुलिस और वन विभाग को तेंदुए के आने की सूचना दी। जिसके बाद वन विभाग का अमला भी गांव में पहुंच गया है और तेंदुए को गांव से बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। घोड़ाखुर्द गांव चोरल डैम के नजदीक है और गांव के पास ही जंगली क्षेत्र भी है। माना जा रहा है कि तेंदुआ इसी जंगल से गांव में आया है।