जनता दर्शन : बिटिया की शादी रुकेगी न अपनों का इलाज : मुख्यमंत्री

Share

08HREG14 जनता दर्शन : बिटिया की शादी रुकेगी न अपनों का इलाज : मुख्यमंत्री

– जनता दर्शन में अलग अलग समस्याओं पर सीएम योगी ने दिया भरोसा

– गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री ने सुनीं 300 लोगों की समस्याएं

गोरखपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दरबार लगाया। मुख्यमंत्री ने लगभग 300 लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। अधिकारियों को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस दौरान फरियादियों को आश्वास्त करते हुए कहा कि न बिटिया की शादी रुकेगी और न ही अपनों का इलाज।

शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान अलग-अलग तरह की समस्याएं सुनते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबको आश्वस्त किया कि समस्या किसी भी तरह की हो उसका निदान अवश्य होगा। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 300 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को लोगों की समस्याओं पर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता से ध्यान देकर उनका त्वरित निस्तारण करने का निर्देश दिया। जरूरतमंदों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया और उनकी जमीन कब्जा या दबंगई कर रहे अराजकतत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही के निर्देश दिये।

कुशीनगर की महिला ने बताई आर्थिक तंगी

कुशीनगर से आई एक महिला ने आर्थिक तंगी की वजह से बिटिया की शादी में आने वाली दिक्कत को साझा किया। मुख्यमंत्री बहुत गंभीर हो गये। उन्होंने अधिकारियों को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ दिलवाने का निर्देश दिया। उन्होंने महिला से कहा कि बिल्कुल परेशान मत हो, पैसे की तंगी से बिटिया की शादी नहीं रुकेगी।

पति के इलाज के लिए महिला ने मांगी मदद

एक महिला ने हृदय रोग से पीड़ित पति के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार मुख्यमंत्री से लगाई। मुख्यमंत्री ने अब तक हुए व चल रहे उपचार की जानकारी ली। फिर, महिला से कहा कि आप पति को एडमिट कराइए, इलाज के लिए धन की व्यवस्था सरकार करेगी। वहां मौजूद अधिकारियों को इलाज के लिए इस्टीमेट की प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण कराने व शासन को भेजने का निर्देश दिया। जनता दर्शन में अपनी माताओं के साथ आए बच्चों को आशीर्वाद व दुलार देने के साथ सीएम योगी ने चॉकलेट गिफ्ट किया। उन्हें खूब पढ़ने के लिए प्रेरित किया।