12HREG348 गरीबों के उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही सरकार: केन्द्रीय मंत्री कुलस्ते
जनता के भावनाओं के अनुरूप विकास के हर संभव प्रयास होंगे- खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह
अनूपपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। गरीबों के उत्थान के लिए भारत सरकार और मध्यप्रदेश सरकार समर्पित भाव से कार्य कर रही है। जिसका परिणाम है कि चहुंओर सतत् विकास दिखाई देता है। जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद हर पात्र व्यक्ति को हितलाभ प्रदान किए जाने का कार्य किया जा रहा है।
यह बात केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने बुधवार को नगर परिषद जैतहरी के शपथ ग्रहण एवं जन आभार समारोह को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने जिस विश्वास के साथ नगर परिषद जैतहरी का चुनाव किया है। वह जनता की भावनाओं के अनुरूप कार्य कर विकास के नए सोपान तय करे। विकास के कार्यों में उनसे जो बन पड़ेगा, वह इस हेतु हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने नागरिकों के मांग के अनुरूप जैतहरी में रेलवे ट्रेनों के ठहराव के प्रयास के लिए आश्वस्त किया।
खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि जैतहरी की जनता ने आशा और विश्वास के साथ नवीन परिषद का गठन किया है। जनता की भावनाओं के अनुरूप विकास के लिए कोई कोर-कसर नही रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि जैतहरी विकासशील नगर है। जैतहरी नगर के 6 हजार 775 लोगों के आवास की स्वीकृति मिल चुकी है। जिनमें 412 आवासों का निर्माण किया जा चुका है। जैतहरी में सामाजिक सुरक्षा पेंषन के तहत 1075 लोगों को आयुष्मान कार्ड से 4 हजार 800 लोगों को, संबल योजना कार्ड से 1350, कर्मकार कार्ड से 263 लोगों को लाभान्वित किया गया है। प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत 1126 लोगों का पंजीयन किया गया है। सभी जरूरतमंद पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभान्वित किए जाने के सतत् प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जैतहरी के नागरिकों के मांग के अनुरूप धुरवासिन से जैतहरी कॉलेज पहुंच मार्ग तक के नवीन सड़क के लिए 2 करोड़ 67 लाख की मंजूरी तथा बेलिया फाटक से जैतहरी मार्ग के लिए 4 करोड़ 8 लाख रुपये राज्य शासन द्वारा स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जैतहरी के विकास के लिए हर संभव प्रयास सुनिश्चित किए जाएंगे।
विनोद गोंटिया ने कहा कि जैतहरी नगर परिषद की नई टीम अपने क्षेत्र में राज्य एवं केन्द्र सरकार की योजनाओं से हर पात्र हितग्राहियों को चिन्हित करते हुए लाभान्वित करें। सामाजिक जीवन में ऐसा कार्य करें कि उसे लोगों द्वारा सराहा जाए। जनता निराश न हो, सभी को उनका हक मिले, इसके लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाना चाहिए। अंतिम व्यक्ति तक शासकीय योजना का लाभ पहुंचे, इस हेतु पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने जनता को हक दिलाने की लड़ाई लड़ी। उनके मंशा के अनुरूप केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। म.प्र. महिला वित्त एवं विकास निगम (महिला एवं बाल विकास विभाग) की अध्यक्ष (केबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) अमिता चपरा ने कहा कि उमंग गुप्ता के नेतृत्व में नई परिषद जन सरोकार के लिए बेहतर कार्य कर एक अमिट उपलब्धि अर्जित करे। शासन स्तर से हर संभव सहयोग के लिए वह परिषद की टीम के साथ हैं।
उमंग अनिल गुप्ता ने जनता का आभार ज्ञापित करते हुए कहा कि जनता ने जो जिम्मेदारी मुझे दी है, उसके निर्वहन के लिए मैं समर्पित भाव से कार्य करूंगा। नगर परिषद द्वारा खूंटाटोला से जैतहरी रोड मार्ग में विद्युतीकरण, दुर्गादास राठौर चौक में शॉपिंग काम्प्लेक्स का निर्माण तथा तालाब के सौन्दर्यीकरण का कार्य, बस स्टैण्ड के सामने नवीन चौपाटी का निर्माण कराकर आर्थिक और व्यापारिक प्रगति के नए अवसर उपलब्ध कराने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए नगर में स्मार्ट लाईब्रेरी बनाई जाएगी, जिसमें बच्चे प्रतियोगी परीक्षाएं, उच्च शिक्षा के लिए ऑनलाईन प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने जैतहरी की जनता की मांग अनुरूप कोरोना काल के दौरान जैतहरी स्टेषन में यात्री ट्रेनों के बंद किए गए स्टॉपेज को बहाल करने की मांग संबंधी ज्ञापन केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते को सौंपा गया।
एसडीएम ने अध्यक्ष/उपाध्यक्ष को दिलाई शपथ
नगर परिषद जैतहरी के शपथ ग्रहण एवं जन आभार समारोह में एसडीएम जैतहरी अंजली द्विवेदी द्वारा नवनिर्वाचित नगर परिषद जैतहरी के अध्यक्ष उमंग गुप्ता, उपाध्यक्ष रविन्द्र सिंह राठौर रवि को शपथ दिलाई।
50 लाख के विकास कार्यों का किया गया शिलान्यास
नगर परिषद जैतहरी के नव निर्वाचित परिषद द्वारा शपथ ग्रहण एवं जन आभार समारोह के अवसर पर नगर विकास के 50 लाख रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास अतिथियों के कर कमलों द्वारा सम्पन्न किया गया।