01HREG129 उत्तर प्रदेश के मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने की राष्ट्रपति से मुलाकात
लखनऊ, 01 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कारागार मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट की। प्रजापति ने राष्ट्रपति को अलीगढ़ जिला जेल के कैदियों द्वारा निर्मित लकड़ी का शिवलिंग, बांसुरी एवं ओम की आकृति और मथुरा जिला जेल में निर्मित साड़ियां भेंट कीं। इसके अलावा लखनऊ और गाजियाबाद की जिला जेलों में कैदियों द्वारा निर्मित अन्य वस्तुएं भी भेंट कीं।
मंत्री प्रजापति ने राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान एक वर्ष के कार्यकाल में 50 से अधिक जेलों में बंदियों से किए गए संवाद का व्यक्तिगत अनुभव साझा किया। कारागार मंत्री ने कहा कि प्रदेश की जेलों में अंग्रेजों के समय से चले आ रहे जेल मैनुअल में बदलाव सहित बहुत सारे अन्य सुधार एवं कार्य किए गए हैं।
प्रजापति ने कहा कि जेलों में बंदियों को कौशल विकास से जोड़कर हुनरमंद बनाया जा रहा है एवं उनके निर्मित उत्पादों को ओडीओपी से भी जोड़ा जा रहा है ताकि बंदी आत्मनिर्भर बनें और जेल से निकलकर स्वरोजगार से खुद को जोड़ सकें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्गदर्शन में कारागार एवं होमगार्ड विभाग में लगातार सुधार हो रहा है और सच्चे मायने में उत्तर प्रदेश अब उत्तम प्रदेश बन रहा है।