20 हजार रुपये की रिश्वत लेते दारोगा रंगे हाथों गिरफ्तार

Share

17HREG97 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते दारोगा रंगे हाथों गिरफ्तार

हरिद्वार,17 अप्रैल (हि.स.)। ज्वालापुर कोतवाली में तैनात एक दारोगा को 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। आरोपित दारोगा ने यह रिश्वत एक मुकदमे में आरोपित को नोटिस तामील कराने के नाम पर मांगी थी। इसकी शिकायत पर देहरादून विजिलेंस की टीम ने आरोपित दारोगा को रंगे हाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।

कोतवाली में तैनात एसआई इंद्रजीत राणा धोखाधड़ी के एक मामले की जांच कर रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने गिरफ्तारी के बजाय 41 सीआरपीसी का नोटिस तामील कराने के नाम पर आरोपी से 20 हजार की रिश्वत मांगी थी। इस पर आरोपित ने विजिलेंस को सूचना दी। देहरादून से आई एक टीम ने पूरा जाल बिछाया और प्लानिंग के तहत नोटों पर रसायन लगाकर दारोगा को पकड़ा गया। हाथ में आते ही नोटों से रंग छूट पड़ा और विजिलेंस टीम ने दारोगा को रंगे हाथ पकड़ लिया। रिश्वत की यह रकम आरोपी दरोगा ने कोतवाली में बने अपने क्वार्टर में ली थी। मामले की जानकारी पुलिस विभाग में जंगल की आग की तरह फैल गई और हड़कंप मच गया। प्रारंभिक पूछताछ करने के बाद विजिलेंस की टीम आरोपित दारोगा को गिरफ्तार कर देहरादून ले गई।

हरिद्वार के एसएसपी अजय सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दारोगा इंद्रजीत सिंह राणा को विजिलेंस ने 20 हजार रुपए लेते हुए ट्रैप किया गया था।