08HREG91 सागर: सेल्फी ले रहे युवकों की नाव राजघाट बांध में पलटी, 3 को बचाया, एक लापता
सागर, 08 अप्रैल (हि.स.)। सागर जिले के राजघाट बांध में नौका विहार कर रहे युवकों की नाव सेल्फी लेने के चक्कर में पलट गई। इस हादसे में नाव में सवार चार युवकों में से 3 को तो बचा लिया गया, लेकिन एक युवक अभी भी लापता है एसडीआरएफ की टीम द्वारा युवक को खोजने का प्रयास जारी है।
जानकारी के अनुसार बिलहरा पुलिस चौकी क्षेत्र में आने वाले राजघाट बांध में शुक्रवार की शाम को कुछ युवक घूमने गए हुए थे। वह राजघाट बांध में नौका विहार कर रहे थे तभी इनको से भरी नाव अनियंत्रित हो गई और पलट गई। नाव पलटने के बाद स्थानीय मछुआरों ने तीन युवकों को तो बचा लिया, लेकिन एक युवक को नहीं बचाया जा सका और वह पानी में ही डूब गया।
दरअसल, घटना शुक्रवार शाम के समय की बताई जा रही है। युवकों के डूबने की सूचना तत्काल ही एसडीआरएफ की टीम को दी गई, जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने शाम के समय ही पहुंचकर बांध में डूबे युवक को तलाश करना शुरू किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर शनिवार की सुबह से टीम द्वारा राजघाट बांध में फिर से बचाव कार्य शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार राजघाट बांध में मकरोनिया निवासी विनीत व भानु बिलहरा के अपने दोस्त आशीष और अंशु के साथ राजघाट बांध में घूमने गए हुए थे। जब नाव गहरे पानी में थी तो नाव में ही सवार युवक सेल्फी लेने लगे और उन में होड़ मच गई इसी दौरान नाव असंतुलित हुई पलट गई। मछुआरे ने इनमें से तीन युवकों को तो बचा लिया, लेकिन आशीष नाम का एक युवक पानी में डूब गया। सूचना के बाद युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए पुलिस मामले की जांच कर रही है।