चंबल क्रिकेट लीग सीजन-2 के सातवें मुकाबले में दिखा गेंदबाजों का जलवा

Share

06HSPO14 चंबल क्रिकेट लीग सीजन-2 के सातवें मुकाबले में दिखा गेंदबाजों का जलवा

औरैया, 06 अप्रैल (हि.स.)। चंबल के बीहड़ों में चल रही 14 दिवसीय ‘चंबल क्रिकेट लीग सीजन-2’ के छठवें दिन गेंदबाजों का जलवा दिखा। चंबल आश्रम हुकुमपुरा ग्राउंड पर गुरुवार को इस सीरीज का सातवां मैच खेला गया। भिटौरा और रामपुरा सुभाष नगर वार्ड की टीमों के बीच क्रिकेट मैच हुआ। भिटौरा टीम ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया लेकिन यह फैसला पूरी तरह गलत साबित हुआ। बल्लेबाजी करने उतरी भिटौरा टीम विरोधी रामपुरा के गेंदबाजों के आगे बेबस दिखी।

भिटौरा के बल्लेबाज निर्धारित 12 ओवर में से सिर्फ 10.2 ओवर तक ही टिक पाए और महज 30 रन बनाकर पूरी टीम आल आउट हो गयी। भिटौरा टीम के अवनीश ओझा ने टीम में सबसे ज्यादा पांच रन बनाये। रामपुरा टीम के खिलाडी रिंकू ने तीन ओवर में पांच विकेट झटके। रिंकू को मैन आफ द मैच ट्राफी चंबल विद्यापीठ के शिक्षक आदिल खान के हाथों से दी गयी।

भिटौरा के दिए गए 31 रनों के लक्ष्य के जवाब में उतरी रामपुरा टीम ने महज 2.4 ओवर में ही बिना किसी नुकसान के 10 विकेट से यह मुकाबला जीत लिया। मैच पूरी तरह से रामपुरा टीम के पक्ष में एकतरफा दिखा। इस टीम के भानु ने सर्वाधिक 15 रन बनाये। क्रिकेट मैच की एकरिंग की जिम्मेदारी कुलदीप और अंकित चौहान ने निभाई।