07HREG197 बुरहानपुर: थाने पर हमला कर बंदूकें लूटने वाले आरोपी को छुड़ा ले गए अतिक्रमणकारी
बुरहानपुर, 7 अप्रैल (हि.स.)। जिले के नेपानगर में देर रात जंगलों में अतिक्रमण करने वाले लोग थाने पर हमला करके सरकारी बंदूकें लूटने वाले आरोपी को छुड़ा ले गए। 60 अतिक्रमणकारियों ने थाना स्टाफ से मारपीट भी की, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाकड़ी वन चौकी से बंदूकें लूटने वाले आरोपी सीवल निवासी हेमा मेघवाल और अन्य दो को पुलिस ने एक दिन पहले ही पकड़ा था। हेमा को गुरुवार शाम बुरहानपुर में मीडिया के सामने पेश कर पुलिस ने नेपानगर थाने में रखा था। गुरुवार देर रात 60 से अधिक अतिक्रमणकारियों ने थाने पर हमला कर दिया। उन्होंने एएसआई गुलाब सिंह, अजय मालवीय और एक अन्य पुलिसकर्मी से मारपीट की। पुलिस वाहनों में भी तोड़फोड़ की। अतिक्रमणकारी वन चौकी से बंदूकें लूटने वाले आरोपी हेमा को छुड़ाकर ले गए। हमले के बाद पुलिस ने नगर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।
इस मामले में एसपी राहुल कुमार लोढ़ा का कहना है कि रात में थाने में चार लोग थे। करीब 60 लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया। उनके चेहरे सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। उन्होंने बताया कि अगर हमलावर आत्मसमर्पण करने वाले अतिक्रमणकारियों में से हैं तो उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कल हेमा को पकड़ा था। इसके अलावा मगन पटेल और नवाड़ी पटेल को भी पकड़ा था। जल्द हमलावरों के खिलाफ एक्शन लेंगे।
एसपी से मिले जनप्रतिनिधि
घटना के विरोध में शुक्रवार सुबह स्थानीय जनप्रतिनिधि कलेक्टर, एसपी से मिले। जनप्रतिनिधि सुबह करीब 10 बजे नेपानगर थाने पहुंचे और कलेक्टर भव्या मित्तल, एसपी राहुल कुमार लोढ़ा से कहा कि जब पुलिस थाना ही लुट गया तो हम कहां जाएंगे। इस पर एसपी ने उन्हें आश्वासन दिया कि फोर्स एकत्रित हो रहा है। आज कार्रवाई के बाद ही यहां से घर जाऊंगा। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। कलेक्टर भव्या मित्तल ने भी कहा कि कार्रवाई की जा रही है। जनप्रतिनिधियों में नगर पालिका अध्यक्ष भारती पाटिल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेश चौहान, समाजसेवी प्रवीण काटकर, सुजीत पाटिल सहित अन्य शामिल रहे।