भोपाल: फुटपाथ से टकराकर पलटी कार, ड्राइव कर रहे 10 वीं के छात्र की मौत

Share

07HREG229 भोपाल: फुटपाथ से टकराकर पलटी कार, ड्राइव कर रहे 10 वीं के छात्र की मौत

भोपाल, 7 अप्रैल (हि.स.)। शहर के वीआईपी रोड पर शुक्रवार तड़के करीब 4.30 बजे तेज रफ्तार कार खानू गांव चौराहे के समीप फुटपाथ से टकरा कर पलट गई। हादसे में कार ड्राइव कर रहे 10वीं के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन अन्य युवक घायल हैं। बताया गया कि छात्र परिजनों को बिना बताए अपने बड़े भाई समेत दोस्तों को कार ड्राइविंग सिखाने शुक्रवार तड़के चार बजे घर से निकला था। कार की रफ्तार का अंदाजा इसी तथ्य से लगाया जा सकता कि कार करीब 25 मीटर तक घिसटते हुई गई। फिलहाल, हादसे की वजह का खुलासा नहीं हो सका है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक तलैया क्षेत्र के अग्रवाल कॉम्प्लेक्स का निवासी रोहित वैष्णव (19) पुत्र मुकेश कुमार वैष्णव ब्राइट मल्टीपरपज स्कूल में 10वीं का छात्र था। शुक्रवार सुबह साढ़े चार बजे के करीब वह अपने भाई नरेश और 5 दोस्त सदाव, अरबाज, सम्मी, फैज, आरिब के साथ टाटा एसयूवी गाड़ी लेकर घूमने निकला था। गाड़ी रोहित चला रहा था। इस दौरान खानूगांव चौराहे पर अचानक गाड़ी बेकाबू होकर पलट गई। जिसमें रोहित की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, भाई व उसके दोस्तों को भी चोटें लगी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुक्रवार को छात्र का पीएम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

इस मामले में रोहित के पिता मुकेश ने बताया कि वो चौक बाजार में ज्वैलर्स का काम करते हैं। हर रोज बेटे के दोस्त गाड़ी सिखाने की जिद्द करके गाड़ी लाने के लिए कहते थे। शुक्रवार को भी वो बिना बताए बड़े बेटे नरेश (21) के साथ गाड़ी लेकर निकल गया था। हम लोग घर में सो रहे थे, तभी बड़े बेटे नरेश का फोन आया। उसने बताया कि हादसा हो गया है। रोहित को गंभीर चोट लगी हैं। वहीं, कोहेफिजा थाना प्रभारी विजय सिसौदिया ने बताया कि हादसा शुक्रवार तड़के हुआ है। युवकों की कार लालघाटी की तरफ जा रही थी। खानूगांव गांव चौराहे के पास कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ से टकराई और पलट गई।