31HNAT27 नए भारत के निर्माण में उत्तराखंड महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहाः मनसुख मांडविया
– केन्द्रीय मंत्री ने उत्तराखंड सरकार के कामों की प्रशंसा की
-कहा- केन्द्र सरकार आगामी चारधाम यात्रा में उत्तराखंड को अपेक्षा से ज्यादा सहयोग करेगी
देहरादून, 31 मार्च (हि.स.)। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमृतकाल में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बदलते भारत और नए भारत के निर्माण में उत्तराखंड महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार आगामी चारधाम यात्रा सहित उत्तराखंड को स्वास्थ्य के लिए अपेक्षा से अधिक सहयोग करने के लिए तैयार है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित चार स्वास्थ्य योजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि वर्चुअली जुड़ते हुए कही। विशिष्ट अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयार लघु फिल्म भी दिखाई गई।
मुख्यमंत्री धामी ने इस दौरान दून मेडिकल कॉलेज में 500 बेड क्षमता का अस्पताल कुल लागत 124.10 करोड़ और तीन जनपदों पौड़ी में 18.80 करोड़ व रुद्रप्रयाग में 20.38 करोड़ व नैनीताल में 19.48 करोड़ की लागत से 50-50 बेड के तीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया वर्चुअली जुड़े। मौसम खराब होने के चलते वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए। केन्द्रीय मंत्री ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमृत काल में देश को विकसित राष्ट्र बनाने की बात कही है। देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। ऐसे में हमारा कर्तव्य बनता है कि देश का हर नागरिक स्वस्थ रहे। स्वस्थ नागरिक और स्वस्थ समाज से समृद्ध समाज और राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।
केन्द्रीय मंत्री ने उत्तराखंड सरकार के कामों की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य छोटा-बड़ा से मायने नहीं रखता। देश बदल रहा है। बदलते भारत में उत्तराखंड महत्वपूर्ण अदा कर रहा है। कौन राज्य केन्द्र की योजनाओं और लक्ष्यों को पूरा करने के लिए काम करता है, यह मायने रखता है। मोदी सरकार राजनीति नहीं विकास की नीति को लेकर काम कर रही है। उत्तराखंड सरकार बेहतर कार्य कर रही है। केन्द्र सरकार उत्तराखंड सरकार के साथ खड़ी है। चारधाम यात्रा में उत्तराखंड सरकार की अपेक्षा को प्रधानमंत्री के पास रखूंगा। अपेक्षा से भी ज्यादा उत्तराखंड को केन्द्र से सहयोग मिलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने अपने सीमांत जिले के चमोली के वाइब्रेंट गांव के प्रवास की चर्चा करते हुए कहा कि मलारी और नीति गांव में गया। वहां की जनता ने अति उत्साह से स्वागत किया और मैंने जनता के साथ संवाद किया। राज्य में दो हजार वेलनेस सेंटर हैं। स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि वेलनेंस सेंटर पर मरीज को ज्यादा तकलीफ होने पर उन्हें ई-संजीवीनी प्लेटफार्म के जरिए विशेषज्ञ चिकित्सकों से बात कराते हैं जिससे उन्हें अन्य अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ती है। इसके लिए गांव के लोगों ने वेलनेस सेंटर की प्रशंसा करते हुए मुझ से प्रधानमंत्री को धन्यवाद बोलने को कहा है। यह व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित करने के लिए राज्य सरकार को धन्यवाद करता हूं।
उन्होंने कहा कि हम लोग वसुधैव कुटुंबकम् को मानने वाले हैं। कोरोना काल के दौरान 150 से अधिक देशों को मेडिसिन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। हम लाभ नहीं शुभलाभ की बात करते हैं। उन्होंने बताया कि जी-20 के प्रतिनिधि वाराणसी में आये तो वेलनेस सेंटर के कार्य को देख कर प्रभावित हुए। विदेशी प्रतिनिधि टीबी मरीजों के उपचार और सरकार के कामों की जानकारी ली और कार्य सुनकर प्रभावित हुए। यह हिन्दुस्तान की ताकत है।
उन्होंने बताया कि देश में 71 हजार लोगों ने 10 लाख टीबी मरीज को एडॉप्ट किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में टीबी मुक्त प्रदेश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। यह बेहतर मौका है कि उत्तराखंड देश में पहला टीबी मुक्त प्रदेश बनने का गौरव हालिस करे। विशेष तौर पर प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर विधिवत इसकी घोषणा की जाए। इसके लिए काम अभी से काम करने की जरूरत है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमारे देश के चिकित्सकों ने कोरोना में भी जीवन को दांव पर लगाकर दायित्व को निभाया। उनको सैल्यूट करता हूं। दुनिया में बेस्ट कोविड मैनेजमेंट और टीकाकरण के लिए भारत को जाना गया। इसी का असर है कि विश्व आर्थिक मंच फोरम की बैठक में हिन्दुस्तान छाया रहा है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि केवल अस्पताल बनाने से नहीं वहां उपचार के लिए चिकित्सकों की उपलब्धता भी होनी चाहिए। देश में ब्रेन और मैन पावर की कमी नहीं है। देश के नागरिक को अवसर देने की जरूरत है। एमबीबीएस की सीट बढ़नी चाहिए। देश में 2013-14 में 51 हजार के करीब एमबीबीएस की सीटें थीं, आज एक लाख से ज्यादा हैं। पहले 350 मेडिकल कॉलेज हुआ करते थे, आज 664 मेडिकल कॉलेज हैं। देश में एम्स की संख्या बढ़ रही है। देहरादून में एक अच्छा एम्स है। देश में 1 लाख 56 हजार से अधिक हेल्थ वेलनेस सेंटर स्थापित है, जहां निशुल्क उपचार हो रहा है। योगा कार्यक्रम चलता है। खानपान कैसा लेना है, इसके लिए अभियान चलाया जाता है।